भोपाल (ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। प्रदेश में 20 नवंबर के बाद बारिश का नया दौर आने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवातीय सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। दूसरी ओर, पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण मध्यप्रदेश में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। रात और सुबह के समय सर्द हवाओं के चलते लोगों को ज्यादा ठंड महसूस होने लगी है। बीती रात प्रदेश के 19 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। अनूपपुर जिले के अमरकंटक में सबसे कम 10.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। वहीं, प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में पारा 11.8 डिग्री पर पहुंच गया। इंदौर में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा कटनी के करौंदी में 11.3 डिग्री, शाजापुर के गिरवर में 11.7 डिग्री, दमोह में 12 डिग्री, छिंदवाड़ा और रायसेन में 12.4 डिग्री, नौगांव में 13 डिग्री, भोपाल और जबलपुर में 13.2 डिग्री तथा उज्जैन में 13.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम के पिछले 10 वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो नौ साल नवंबर के दूसरे पखवाड़े में तेज ठंड का असर देखने को मिला है। इस बार भी 15 नवंबर के बाद तापमान में गिरावट आने और ठंड बढ़ने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) सक्रिय है। इसके प्रभाव से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश हो रही है। जैसे ही यह सिस्टम आगे बढ़ेगा, उत्तर भारत से ठंडी उत्तरी हवाएं मध्यप्रदेश की ओर आएंगी। इससे प्रदेश के तापमान में और गिरावट होने की संभावना है। नवंबर के दूसरे सप्ताह के बाद ग्वालियर-चंबल संभाग में ठंड का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। इन इलाकों में उत्तर दिशा से ठंडी हवाएं सीधे पहुंचती हैं, जिससे रात के तापमान में तेजी से गिरावट आती है। इतिहास पर नजर डालें तो ग्वालियर में नवंबर महीने में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। वहीं उज्जैन में 53 साल पहले नवंबर में पारा 2.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार भोपाल, इंदौर और जबलपुर में नवंबर के दौरान बारिश होने का पुराना ट्रेंड रहा है। इस बार भी महीने के तीसरे और चौथे सप्ताह में मौसम प्रणाली सक्रिय होने से बारिश की संभावना बन सकती है। ऐसे में प्रदेशवासियों को आने वाले दिनों में ठंड के साथ बारिश का सामना भी करना पड़ सकता है।