enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मध्यप्रदेश में बढ़ी ठिठुरन, इंदौर में पारा 11.8 डिग्री; 18 नवंबर के बाद बारिश के आसार

मध्यप्रदेश में बढ़ी ठिठुरन, इंदौर में पारा 11.8 डिग्री; 18 नवंबर के बाद बारिश के आसार

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में सर्दी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। रात और सुबह के समय ठंड ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। प्रदेश के 16 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। इंदौर में पारा गिरकर 11.8 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे यह प्रदेश का दूसरा सबसे ठंडा शहर रहा। वहीं कटनी जिले का करौंदी 11.5 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल प्रदेश में ठंड का असर बना रहेगा। इसी बीच बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवातीय गतिविधियों ने मौसम का मिजाज बदलने के संकेत दिए हैं। इसके प्रभाव से मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है।

मौसम केंद्र (IMD) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन 17 नवंबर तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर प्रचंड चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसका प्रभाव मध्यप्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में देखने को मिल सकता है। अगले दो से तीन दिनों में मौसम की स्थिति और स्पष्ट होने की संभावना है।

मौसम के मौजूदा अनुमान के मुताबिक, 18 नवंबर के बाद प्रदेश में मावठा गिर सकता है। इससे दिन और रात के तापमान में बदलाव आने के साथ ठंड का असर और बढ़ने की संभावना है।

उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी हो रही है। कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में बर्फ गिरने से ठंडी हवाओं का असर मैदानी क्षेत्रों तक पहुंच रहा है। वहीं राजस्थान में चक्रवातीय गतिविधियों के कारण हल्की बारिश भी दर्ज की गई है। इन मौसमी बदलावों का असर मध्यप्रदेश के तापमान पर भी दिखाई दे रहा है।

बीती रात प्रदेश में सबसे कम तापमान कटनी जिले के करौंदी में 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इंदौर में 11.8 डिग्री तापमान रहा। इसके अलावा छिंदवाड़ा में 12.2, कल्याणपुर में 12.3, अमरकंटक में 12.4, रायसेन में 12.5 और दमोह में 12.6 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

पचमढ़ी और मलाजखंड में 13.2 डिग्री, नौगांव में 13.4, उमरिया में 13.8, जबलपुर, मंडला और नरसिंहपुर में 14 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। वहीं उज्जैन में 14.5 और रीवा में न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम के इस बदलते मिजाज के बीच प्रदेशवासियों को फिलहाल ठंड से राहत मिलने की उम्मीद कम है। यदि बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा चक्रवाती तूफान प्रभावी रहता है तो नवंबर के तीसरे सप्ताह में मध्यप्रदेश के कई इलाकों में बारिश के साथ ठंड और बढ़ सकती है।

Share:

Leave a Comment