सीधी(ईन्यूज एमपी)-सीधी जिले का कुसमी ब्लॉक एक बार फिर चर्चा में है। इस बार मामला खिलाड़ियों से जुड़ा हुआ है। यहां के क्रिकेट खिलाड़ियों ने शासन-प्रशासन, क्षेत्रीय सांसद और विधायक से कुसमी मुख्यालय में जल्द से जल्द एक खेल मैदान उपलब्ध कराने की मांग की है। खिलाड़ियों का कहना है कि खेल मैदान न होने से वे खेतों में अभ्यास करने को मजबूर हैं। क्रिकेट यूनियन ब्लॉक कुसमी के कप्तान गोलू गुप्ता ने बताया कि पहले कुसमी में नियमित रूप से क्रिकेट टूर्नामेंट होते थे, लेकिन अब मैदान के अभाव में खेल गतिविधियां पूरी तरह ठप हो गई हैं। उन्होंने कहा कि यह समस्या काफी गंभीर है और शासन को शीघ्र समाधान करना चाहिए। खेल मैदान में बना दिया गया आश्रम गोलू गुप्ता ने बताया कि शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पीछे नदी किनारे स्थित विस्तृत खेल मैदान पर अब बैगा जनजाति के लिए कन्या एवं बालक आश्रम बना दिए गए हैं। मैदान के एक बड़े हिस्से पर भवन निर्माण हो जाने से अब वहां खेल के लिए उपयुक्त जगह नहीं बची है। खिलाड़ियों का कहना है कि दूसरा मैदान उपलब्ध कराए बिना पुराना मैदान खत्म कर दिया गया, जिससे खेल गतिविधियां रुक गई हैं। छात्रों के लिए भी बनी परेशानी विद्यालय में करीब एक हजार छात्र अध्ययनरत हैं, जिनमें चार छात्रावास के बच्चे भी शामिल हैं। पहले छात्रावास में रहने वाले बच्चे रोज खेल गतिविधियों में भाग लेते थे, लेकिन मैदान पर निर्माण कार्य होने के बाद अब खेल पूरी तरह बंद हो गया है। खेल रद्द होने से निराश खिलाड़ी खिलाड़ियों ने बताया कि हाल ही में सांसद निधि से खेल आयोजन होना था। करीब ढाई सौ खिलाड़ियों ने आवेदन भी किया था, लेकिन खेल मैदान न होने के कारण कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। इससे खिलाड़ियों में निराशा है। कप्तान गोलू गुप्ता ने कहा कि सांसद और विधायक से निवेदन है कि कुसमी में जल्द से जल्द एक बड़ा खेल मैदान उपलब्ध कराया जाए, ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए समुचित स्थान मिल सके।