सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। किसानों को खाद के लिए परेशान न होना पड़े, इसके लिए कलेक्टर विकास मिश्रा ने डबल लॉक खाद भंडारण केंद्र चुरहट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खाद के स्टॉक, भंडारण की स्थिति और किसानों को खाद वितरण की प्रक्रिया का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से केंद्र में उपलब्ध खाद और किसानों की मांग के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार समय पर खाद उपलब्ध कराई जाए। वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता और सुचारु प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।कलेक्टर विकास मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खाद का वितरण ई-टोकन व्यवस्था के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए। इससे वितरण प्रक्रिया व्यवस्थित और पारदर्शी रहेगी तथा पात्र किसानों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार खाद मिल सकेगी। कलेक्टर ने खाद के स्टॉक एवं वितरण का नियमित रिकॉर्ड संधारित करने और उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। खाद की उपलब्धता और वितरण से संबंधित जानकारी किसानों तक समय पर पहुंचाई जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से केंद्र के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ वितरण व्यवस्था का प्रभावी संचालन करने और किसानों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी चुरहट अजय शर्मा सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।