enewsmp.com
Home सीधी दर्पण मध्यप्रदेश में 20 नवंबर को आंधी-बारिश का अलर्ट, 9 जिलों में 40Km की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; भोपाल-इंदौर में पचमढ़ी से ज्यादा ठंड

मध्यप्रदेश में 20 नवंबर को आंधी-बारिश का अलर्ट, 9 जिलों में 40Km की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; भोपाल-इंदौर में पचमढ़ी से ज्यादा ठंड

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। प्रदेश में 20 नवंबर को आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्वी मध्यप्रदेश के 9 जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रही चक्रवाती गतिविधियों का असर प्रदेश के मौसम पर दिखाई देने लगा है। भोपाल समेत कई जिलों में बादल छाने और धुंध का असर देखने को मिल रहा है।

मौसम केंद्र (IMD) के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन और चक्रवाती तूफान के कारण मध्यप्रदेश में मौसम बदल रहा है। इसका सबसे ज्यादा असर 20 नवंबर को देखने को मिल सकता है।उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का भी अलर्ट है।

मौसम विभाग के अनुसार 17 नवंबर को मध्य-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती सिस्टम के प्रचंड चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। इसके बाद यह आगे बढ़ेगा, जिसका प्रभाव मध्यप्रदेश के कुछ जिलों में भी देखने को मिल सकता है। इसी वजह से प्रदेश में बारिश का दौर शुरू होने के आसार हैं।सोमवार को राजधानी भोपाल में धुंध का असर देखने को मिला। शाम करीब 4 बजे के बाद मौसम में बदलाव आया और आसमान में बादल छा गए। प्रदेश के अन्य जिलों में भी बादलों की आवाजाही जारी है।

प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट का दौर जारी है। कटनी जिले के करौंदी में सबसे कम 11.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। अमरकंटक में 11.8, कल्याणपुर में 12.1, दमोह में 12.4 और छिंदवाड़ा में 13 डिग्री तापमान रहा।राजधानी भोपाल और इंदौर में न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री दर्ज किया गया। नौगांव में 13.5, मलाजखंड में 13.6 और प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में 14.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। वहीं उज्जैन में पारा 14.8 डिग्री रहा।

खास बात यह है कि भोपाल और इंदौर में पचमढ़ी से भी कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश के कुल 17 शहरों में रात का पारा 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।मौसम में बदलाव और संभावित बारिश के चलते प्रदेशवासियों को ठंड के साथ आंधी-बारिश का सामना करना पड़ सकता है। खासकर पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी मध्यप्रदेश के जिलों में मौसम को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।

Share:

Leave a Comment

समान समाचार