सीधी(ईन्यूज एमपी)- आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और प्रशासन को ग्रामीणों के करीब पहुंचाने के उद्देश्य से कलेक्टर विकास मिश्रा आज मंगलवार को जनपद पंचायत रामपुर नैकिन के सभागार में आयोजित जनसुनवाई में शामिल होंगे। इस दौरान वे क्षेत्र के नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं शिकायतें सुनेंगे तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश देंगे। जिले में प्रत्येक मंगलवार सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक नियमित रूप से जनसुनवाई आयोजित की जा रही है। कलेक्टर विकास मिश्रा की पहल पर अब जिला मुख्यालय के साथ-साथ अलग-अलग विकासखंडों में भी जनसुनवाई की जा रही है। इसके तहत कलेक्टर प्रत्येक मंगलवार क्रमबद्ध रूप से विकासखंड मुख्यालयों में पहुंचकर आम नागरिकों की समस्याएं सुन रहे हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को छोटी-बड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने से राहत देना है। स्थानीय स्तर पर संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में शिकायतों की सुनवाई और निराकरण की प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जा रहा है। कलेक्टर की इस पहल से ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है। अब देखना होगा कि रामपुर नैकिन में आयोजित जनसुनवाई के दौरान कितनी शिकायतें सामने आती हैं और उनके निराकरण को लेकर प्रशासन क्या कदम उठाता है।