भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में ठंड ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी के कारण प्रदेश में सर्द हवाएं चल रही हैं। इस सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। कटनी जिले के करौंदी में बीती रात पारा 8.9 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं भोपाल और जबलपुर में ठंड का असर प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी ज्यादा रहा। इधर, मौसम विभाग ने प्रदेश में ठंड के बीच आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम केंद्र भोपाल (IMD) के अनुसार 20, 21 और 22 नवंबर को पूर्वी और दक्षिणी मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदल सकता है। जबलपुर, रीवा, शहडोल, सागर और नर्मदापुरम संभाग में आंधी-बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान 'अकवान' के प्रभाव से मध्यप्रदेश में मौसम बदलने की संभावना है। 20 नवंबर से इसका असर प्रदेश में दिखाई देने लगेगा। इस दौरान कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। शहडोल और डिंडौरी में भारी बारिश का अलर्ट है। यहां अगले 24 घंटे में 4 इंच से अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, दमोह, कटनी, मैहर, उमरिया, अनूपपुर, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में मौसम प्रभावित हो सकता है। 21 नवंबर को सीधी और अनूपपुर में भारी बारिश होने का अनुमान है। वहीं 22 नवंबर को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। प्रदेश में रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। बीती रात कटनी के करौंदी में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है। शहडोल के कल्याणपुर में 9 डिग्री, उमरिया में 10.9, रीवा में 11, दमोह में 11.2, मलाजखंड में 11.8 और जबलपुर में 11.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। नौगांव में 12, छिंदवाड़ा और खजुराहो में 12.2, सीधी में 12.4, मंडला में 12.5, दतिया में 12.6 और ग्वालियर में 12.8 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। राजधानी भोपाल में पारा 13 डिग्री, सतना में 13.2 और पचमढ़ी में 13.4 डिग्री दर्ज किया गया। रायसेन में 13.5, इंदौर और बैतूल में 14 तथा नरसिंहपुर में 14.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। प्रदेश के 20 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे रहा। कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में बर्फबारी जारी है। पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं का असर मध्यप्रदेश में भी दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार चक्रवाती सिस्टम के आगे बढ़ने के बाद प्रदेश में ठंड का असर और तेज हो सकता है। फिलहाल प्रदेश में लोगों को एक तरफ कड़ाके की ठंड तो दूसरी तरफ आंधी और बारिश का सामना करना पड़ सकता है। खासकर विंध्य और महाकौशल क्षेत्र के जिलों में मौसम को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।