enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मध्यप्रदेश में तूफान 'अकवान' का असर, 21 नवंबर को भारी बारिश का अलर्ट; सीधी-सिंगरौली समेत 20 जिलों में आंधी की चेतावनी

मध्यप्रदेश में तूफान 'अकवान' का असर, 21 नवंबर को भारी बारिश का अलर्ट; सीधी-सिंगरौली समेत 20 जिलों में आंधी की चेतावनी

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में बंगाल की खाड़ी में बने तूफान 'अकवान' का असर दिखाई देने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। 20 और 21 नवंबर को प्रदेश के अलग-अलग जिलों में मौसम बदलेगा। 21 नवंबर को इसका सबसे ज्यादा असर रहने की संभावना है। बालाघाट और डिंडौरी में भारी बारिश का अलर्ट है, जहां अगले 24 घंटे में ढाई से साढ़े 4 इंच तक पानी गिर सकता है।

मौसम केंद्र भोपाल (IMD) के अनुसार चक्रवाती तूफान के प्रभाव से जबलपुर, रीवा, शहडोल, नर्मदापुरम और इंदौर संभाग में आंधी-बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इसके चलते कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है।


21 नवंबर को मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, जबलपुर, मंडला, सिवनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर और खरगोन में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और बारिश होने का अनुमान है।वहीं 20 नवंबर को शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, सिवनी और बालाघाट में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।


प्रदेश में बारिश से पहले ही मौसम का मिजाज बदलने लगा है। राजधानी भोपाल में पिछले दो दिनों से आसमान में बादल छाए हुए हैं। सुबह और शाम के समय धुंध का असर भी देखने को मिल रहा है। चक्रवाती सिस्टम के आगे बढ़ने के साथ प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी मौसम में बदलाव की संभावना है।प्रदेश में एक तरफ बारिश का अलर्ट है, वहीं दूसरी ओर ठंड का असर भी लगातार बढ़ रहा है। बीती रात शहडोल जिले के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

कटनी के करौंदी में 10.9 डिग्री, दमोह में 12, नौगांव में 12.2, उमरिया में 13.1 और पचमढ़ी में 13.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। छिंदवाड़ा और जबलपुर में न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री रहा।

भोपाल, खजुराहो और ग्वालियर में तापमान करीब 13.18 डिग्री, मंडला में 14, सतना और सीधी में 14.2, बैतूल में 14.3 तथा मलाजखंड में 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में लगातार बर्फबारी हो रही है। पहाड़ी क्षेत्रों से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण मध्यप्रदेश में भी सर्दी का असर बढ़ रहा है। मौसम के जानकारों के मुताबिक, चक्रवाती सिस्टम के आगे बढ़ने के बाद प्रदेश में ठंड का असर और तेज हो सकता है।

फिलहाल प्रदेशवासियों को अगले कुछ दिनों तक बदलते मौसम का सामना करना पड़ सकता है। खासकर सीधी, सिंगरौली, शहडोल और जबलपुर संभाग के लोगों को आंधी और बारिश को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।

Share:

Leave a Comment