enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश MP में पुलिस की 'वसूली गैंग' का खुलासा! सीएम ने किया ASP-SDOP समेत 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड

MP में पुलिस की 'वसूली गैंग' का खुलासा! सीएम ने किया ASP-SDOP समेत 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड

सिवनी/भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस अधिकारियों पर होटल संचालक से हर महीने 50 हजार रुपये की वसूली करने और रकम नहीं देने पर झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगे हैं। होटल मालिक द्वारा छिपे कैमरे से बनाया गया करीब 1 मिनट 15 सेकंड का वीडियो सामने आने के बाद प्रदेश में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ASP, SDOP समेत 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं।


सिवनी के बवरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ के मालिक संजय सनोडिया ने आरोप लगाया है कि पिछले दो महीने से पुलिस अधिकारी उनसे पैसों की मांग कर रहे थे। होटल मालिक के मुताबिक, अक्टूबर में उन्होंने टीआई सतीश तिवारी को 20 हजार रुपये दिए थे। इसके बावजूद हर महीने 50 हजार रुपये देने का दबाव बनाया जा रहा था।

संजय का कहना है कि उन्होंने पुलिस अधिकारियों से होटल में कम बुकिंग होने और इतनी रकम देने में असमर्थता जताई, लेकिन कथित तौर पर उनसे कहा गया कि किसी भी तरह 50 हजार रुपये पूरे करने होंगे।


होटल मालिक के अनुसार, पैसे नहीं देने पर अक्टूबर में 7, 8 और 9 तारीख को लगातार तीन दिन पुलिसकर्मी होटल में तलाशी लेने पहुंचे। आरोप है कि उन्हें होटल बंद कराने और गांजा रखकर झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी जाती थी।

संजय ने बताया कि पुलिस अधिकारियों के बार-बार होटल पहुंचने से कारोबार प्रभावित होने लगा था। ग्राहक भी होटल आने से कतराने लगे थे।


होटल मालिक का आरोप है कि पुलिसकर्मी जब भी होटल में कार्रवाई करने पहुंचते थे, वहां लगे सीसीटीवी कैमरों का DVR जब्त कर ले जाते थे। ऐसे में उन्होंने होटल में अलग से एक छिपा हुआ कैमरा लगवा दिया।

इस बार पुलिसकर्मी एक DVR तो जब्त कर ले गए, लेकिन दूसरा सुरक्षित बच गया। इसी में पुलिस अधिकारियों के होटल पहुंचने और कथित बदसलूकी की घटना रिकॉर्ड हो गई।

वायरल वीडियो में एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा, सिटी एसपी चंचलेश मरकाम और टीआई सतीश तिवारी एक प्रेमी जोड़े से पूछताछ करते और उनके साथ कथित तौर पर बदसलूकी करते दिखाई देने का दावा किया गया है। वीडियो में एक अधिकारी की ओर से युवक के बैग में गांजा रखवाने जैसी बात कहे जाने का भी आरोप है।

मुख्यमंत्री ने दिखाई सख्ती, 6 पुलिसकर्मी निलंबित

मामले के सामने आने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस की वर्दी में अनुशासनहीनता और कदाचार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। पुलिस बल में अनुशासन, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा सर्वोपरि है।

मुख्यमंत्री ने सिवनी के वायरल वीडियो प्रकरण में प्रथम दृष्टया संदिग्ध आचरण सामने आने पर ASP, SDOP सहित 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और पूरे मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में कदाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इस घटनाक्रम ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि होटल मालिक द्वारा लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और इस पूरे मामले में किन अधिकारियों की क्या भूमिका रही है।

Share:

Leave a Comment