सीधी/मझौली(ईन्यूज एमपी)ग्राम पंचायत दादर के प्रतिष्ठित व्यौहर परिवार सहित पूरे मझौली अंचल में शोक का माहौल है। शासकीय महाविद्यालय मझौली की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष पवन मिश्रा की दादी का 100 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने बुधवार सुबह करीब 7 बजे अपने निज निवास पर अंतिम सांस ली। बताया गया कि वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थीं। उम्र के इस पड़ाव पर भी वे पूरी तरह सचेत रहती थीं और परिवार के सदस्यों को अपना स्नेह एवं आशीर्वाद देती थीं। दिवंगत दादी व्यौहर परिवार की सबसे उम्रदराज सदस्य और परिवार की मुखिया थीं। उन्होंने अपने स्नेह, संस्कार और मार्गदर्शन से परिवार की कई पीढ़ियों को एक सूत्र में बांधे रखा। उनका सादगीपूर्ण जीवन और अनुभव परिवार के साथ-साथ गांव के लोगों के लिए भी प्रेरणास्रोत रहा। वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। शोकाकुल परिवार में रामप्रसाद मिश्रा, तारकेश्वर मिश्रा, शिवप्रसाद मिश्रा, महेश मिश्रा, उमेश मिश्रा, रमेश मिश्रा, धीरेश मिश्रा, तारा प्रसाद मिश्रा, पवन मिश्रा, रोहित मिश्रा, दीपक मिश्रा, अम्बुज मिश्रा, अंबिकेश मिश्रा, प्रकाश मिश्रा, दिव्यांश मिश्रा, अनिमेश मिश्रा, शीतांश मिश्रा, अभय मिश्रा सहित समस्त मिश्रा परिवार शामिल है। निधन की खबर मिलते ही मझौली, दादर सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम दर्शन के लिए उनके निवास पर ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों का जमावड़ा लगा रहा। स्थानीय मुक्तिधाम में पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए लोगों ने ईश्वर से प्रार्थना की।