सीधी (ईन्यूज एमपी)-मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत विकासखंड कुसमी के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पोड़ी में 30 अक्टूबर को जिलास्तरीय शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर के दौरान कमिश्नर रीवा संभाग शीलेन्द्र सिंह द्वारा सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण एवं लंबित शिकायतों की समीक्षा की जाएगी। कमिश्नर द्वारा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की समीक्षा के साथ हितग्राहियों से संवाद भी किया जाएगा। इसके अतिरिक्त विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण कर विभागीय कार्यों की स्थिति का जायजा लिया जाएगा। समीक्षा के दौरान विभागीय अधिकारियों से शिकायतों एवं लंबित प्रकरणों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली जाएगी तथा उनके त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने, शासकीय सेवाओं की पहुंच बेहतर बनाने तथा प्रशासन के प्रति जनविश्वास को मजबूत करना है।