सीधी (ईन्यूज एमपी)-राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सीधी के अध्यक्ष प्रयाग लाल दिनकर के मार्गदर्शन में कैलाश स्वर्ण वृद्धाश्रम, पनवार में वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों एवं उनके लिए संचालित विधिक सेवा योजनाओं के संबंध में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में तृतीय व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ खंड एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मुकेश कुमार शिवहरे ने वरिष्ठ नागरिकों को उनके विधिक अधिकारों, भरण-पोषण एवं कल्याण, संपत्ति संबंधी अधिकारों, पेंशन एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की विधिक समस्या होने पर वरिष्ठ नागरिक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं। जिला विधिक सहायता अधिकारी मनीष कौशिक ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) द्वारा संचालित वरिष्ठ नागरिकों के लिए विधिक सेवा योजना, 2016 के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने पात्र वरिष्ठ नागरिकों को उपलब्ध विधिक सहायता सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही नालसा की टोल-फ्री विधिक सहायता हेल्पलाइन नंबर 15100 के संबंध में भी जानकारी प्रदान की। शिविर के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों एवं उपलब्ध विधिक सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करते हुए सम्मानजनक, सुरक्षित एवं गरिमापूर्ण जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर तृतीय व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ खंड एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मुकेश कुमार शिवहरे, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी धीरज आर्य, जिला विधिक सहायता अधिकारी मनीष कौशिक सहित वृद्धाश्रम के वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।