सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिला अस्पताल सीधी की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर बुधवार को युवक कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश करने से रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता जिला अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं के विरोध में प्रतीकात्मक अर्थी लेकर पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट चौराहे तक पहुंचे थे। प्रदर्शन का नेतृत्व युवक कांग्रेस नेता अभिषेक परमार और करुण सिंह ने किया। प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और डॉक्टरों की कमी जैसे मुद्दे उठाते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग की। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। जमोड़ी, कोतवाली और बहरी सहित कई थानों का पुलिस बल तैनात रहा। मौके पर 80 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जानकारी सामने आई। युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से प्रतीकात्मक अर्थी लेकर पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट चौराहे पहुंचे। यहां पुलिस ने उन्हें कलेक्टर कार्यालय की ओर आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शन के दौरान तनाव की स्थिति बनी और पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। कांग्रेस पदाधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शन में करीब दो हजार कार्यकर्ता शामिल हुए। हालांकि, यह संख्या संगठन की ओर से बताई गई है। युवक कांग्रेस नेता अभिषेक परमार ने आरोप लगाया कि पुलिस ने कार्यकर्ताओं को कलेक्ट्रेट में जाने से रोकने के दौरान उनके साथ हाथापाई की, जिससे कुछ कार्यकर्ताओं को चोटें आईं। उन्होंने जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि अस्पताल में दवाओं की कमी, गंदगी और डॉक्टरों की कमी जैसी समस्याओं से मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार पर आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में विफल रहने का आरोप भी लगाया। इस मामले में डीएसपी राघवेंद्र द्विवेदी ने वाटर कैनन के इस्तेमाल की पुष्टि की। हालांकि, उन्होंने किसी के घायल होने से इनकार किया। डीएसपी के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर होमगार्ड कार्यालय ले जाया गया। प्रदर्शन के दौरान युवक कांग्रेस ने जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार की मांग उठाई। वहीं, पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रदर्शनकारियों को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश करने से रोका।