enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मध्यप्रदेश में 5 IAS अधिकारियों के तबादले, सागर-देवास-सिवनी को मिले नए कलेक्टर

मध्यप्रदेश में 5 IAS अधिकारियों के तबादले, सागर-देवास-सिवनी को मिले नए कलेक्टर

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में राज्य शासन ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के पांच अधिकारियों की पदस्थापना में बदलाव किया है। मंगलवार को जारी आदेश के तहत सागर, देवास और सिवनी जिले में नए कलेक्टरों की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा एक अधिकारी को मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम और एक अधिकारी को सामान्य प्रशासन विभाग में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

रिपोर्ट के अनुसार, मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल द्वारा जारी आदेश में पांच अधिकारियों की नई पदस्थापना निर्धारित की गई है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।

तबादला सूची के अनुसार, सागर की कलेक्टर प्रतिभा पाल (2012 बैच) को मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम, भोपाल का प्रबंध संचालक बनाया गया है। यह पद अपर सचिव के समकक्ष है। वहीं, पर्यटन विकास निगम के प्रबंध संचालक दिलीप कुमार यादव (2014 बैच) को सागर जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।

सिवनी की कलेक्टर नेहा मीना (2014 बैच) का तबादला देवास जिले में किया गया है। उन्हें देवास का नया कलेक्टर बनाया गया है। वहीं, देवास के कलेक्टर ऋतुराज (2015 बैच) को मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग में उप सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में उप सचिव के पद पर कार्यरत अंजू अरुण कुमार (2017 बैच) को सिवनी जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। इस बदलाव के साथ सिवनी जिले की प्रशासनिक कमान अब उन्हें सौंपी गई है।

शासन के आदेश के अनुसार, संबंधित अधिकारियों को नई पदस्थापना के अनुरूप कार्यभार ग्रहण करना होगा। आदेश की प्रतियां भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT), राज्यपाल के प्रमुख सचिव, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं।

इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत तीन जिलों में कलेक्टरों की जिम्मेदारी बदली गई है, जबकि पर्यटन निगम और मंत्रालय में भी नई पदस्थापनाएं की गई हैं।

Share:

Leave a Comment