सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के शिवपुरवा गांव में भोजन करने के बाद एक ही परिवार के पांच सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को उल्टी-दस्त की शिकायत होने पर आनन-फानन में जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया गया। परिजनों के मुताबिक, बीमारों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। प्रारंभिक तौर पर डॉक्टरों ने फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई है। जानकारी के अनुसार, परिवार ने शनिवार रात करीब 10 बजे भोजन किया था। खाने में लौकी की सब्जी, सूअर का मांस और कोदई शामिल थी। भोजन करने के लगभग एक घंटे बाद परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ने लगी। देखते ही देखते उल्टी-दस्त की शिकायत शुरू हो गई, जिसके बाद परिजनों ने मदद के लिए सूचना दी। 108 एंबुलेंस के चालक जितेंद्र विश्वकर्मा के अनुसार, शनिवार देर रात करीब 2 बजे घटना की सूचना मिली। इसके बाद दो एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं और सभी मरीजों को जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। बीमार होने वालों में गोविंद बंसल (52), अन्मिका बंसल (2), श्तेंद बंसल, राम बंसल और सुमित बंसल (50) शामिल हैं। परिजनों ने दो बच्चों की हालत को लेकर चिंता जताई है। भोजन के बाद एक साथ पांच लोगों की तबीयत बिगड़ने से मामला गंभीर हो गया है। हालांकि, बीमारी की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल सभी मरीजों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति पर चिकित्सकों की नजर बनी हुई है।