enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश MP Weather Update: अक्टूबर के आखिरी सप्ताह भी होगी बारिश, 24 अक्टूबर से फिर बदलेगा मौसम

MP Weather Update: अक्टूबर के आखिरी सप्ताह भी होगी बारिश, 24 अक्टूबर से फिर बदलेगा मौसम

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश में अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 24 अक्टूबर से सक्रिय होने वाले नए मौसम तंत्र का असर प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में दिखाई दे सकता है। वहीं, अगले दो दिनों तक इंदौर संभाग के कई जिलों में बारिश होने के आसार हैं। नर्मदापुरम संभाग में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा।

11 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट

मौसम केंद्र के अनुसार, गुरुवार को इंदौर, आलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, हरदा, नर्मदापुरम और बैतूल में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

दशहरे पर चार साल बाद हुई बारिश

इस साल दशहरे के दौरान भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश ने त्योहार के उत्साह पर असर डाला। मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात प्रदेश के 15 जिलों में बारिश दर्ज की गई। इनमें धार, इंदौर, खरगोन, खंडवा, हरदा, देवास, उज्जैन, आगर-मालवा, राजगढ़, भोपाल, रायसेन, गुना, सागर, सीहोर और रतलाम शामिल हैं।

रायसेन जिले के गैरतगंज में सबसे ज्यादा करीब सवा इंच बारिश दर्ज की गई, जबकि खंडवा में एक इंच पानी गिरा। सीहोर में हवा की रफ्तार 37 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई।

इससे पहले वर्ष 2022 में भी दशहरे के दिन तेज बारिश हुई थी। भोपाल में बारिश के कारण रावण का पुतला नहीं जल पाया था। बाद में पुतले पर केरोसिन और पेट्रोल डालकर दहन करने की कोशिश की गई थी। प्रदेश के अन्य जिलों में भी बारिश के चलते रावण दहन के कार्यक्रम प्रभावित हुए थे।

कई शहरों में बदला मौसम, रात का तापमान गिरा

गुरुवार को दोपहर बाद इंदौर, सीहोर और शाजापुर में तेज बारिश हुई। भोपाल में दिनभर बादल छाए रहे और रात के समय कई इलाकों में बूंदाबांदी दर्ज की गई।

आंधी और बारिश के बीच प्रदेश के कई शहरों में न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है। बीती रात अनूपपुर जिले के अमरकंटक में न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रीवा में पारा 16 डिग्री, पचमढ़ी में 16.6 डिग्री, मंदसौर में 16.8 डिग्री और दतिया में 17 डिग्री सेल्सियस रहा।

अगले चार दिन में और गिरेगा पारा

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, अगले चार दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। हालांकि, दिन के समय कई शहरों में गर्मी का असर बना हुआ है।

भोपाल, राजगढ़, खरगोन, खंडवा, उज्जैन, खजुराहो, नर्मदापुरम और मंदसौर में अधिकतम तापमान 34.4 से 35.8 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

Share:

Leave a Comment