शहडोल (ईन्यूज एमपी)-शहडोल में अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई से बचने के लिए ट्रैक्टर पलटने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि पुलिस ने रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली रोकी तो पिता-पुत्र ने पहले रेत खाली की और फिर ट्रैक्टर को नाले में पलटा दिया। पूरी घटना पुलिस के वीडियो कैमरे में कैद हुई है। मामला जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के भुरका गांव के अखडार नाला का है। पुलिस को अवैध रेत खनन और परिवहन की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका और दस्तावेज मांगे। पुलिस के मुताबिक ट्रैक्टर सत्यम मिश्रा चला रहा था और उसके पिता सूर्य प्रकाश मिश्रा साथ थे। थाने ले जाने की बात पर दोनों ने पहले ट्रॉली की रेत खाली की और इसके बाद ट्रैक्टर को नाले में पलटा दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर को नाले से निकलवाकर थाने पहुंचाया है। थाना प्रभारी अजय कुमार बैगा के मुताबिक वाहन राहुल केवट के नाम दर्ज है। मामले की जांच जारी है और अपराध दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।