भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश के वल्लभ भवन मंत्रालय में कार्यरत सहायक अनुभाग अधिकारी संवर्ग के कर्मचारियों को राजपत्रित सेवा श्रेणी-2 का दर्जा देने की मांग उठी है। मध्यप्रदेश राज्य मंत्रालय शासकीय अधिकारी कर्मचारी संघ ने इस संबंध में मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल को पत्र लिखकर आवश्यक आदेश जारी करने का आग्रह किया है। इसके साथ ही संघ ने राज्य कर्मचारियों को दीपावली पर एक माह के वेतन के बराबर बोनस देने की मांग भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से की है। ## राजपत्रित सेवा श्रेणी-2 घोषित करने की मांग संघ के अध्यक्ष ओपी गौर के अनुसार, मंत्रालय में कार्यरत सहायक अनुभाग अधिकारी संवर्ग के कर्मचारियों को अब तक राजपत्रित सेवा श्रेणी-2 घोषित नहीं किया गया है। संघ ने सामान्य प्रशासन विभाग के 11 अप्रैल 2006 के परिपत्र का हवाला देते हुए मांग की है कि संबंधित निर्देशों के अनुरूप पात्र पदों के लिए राजपत्रित दर्जा घोषित करने के आदेश जारी किए जाएं। संघ ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि उक्त परिपत्र में निर्धारित वेतनमान वाले सीधी भर्ती एवं पदोन्नति से भरे जाने वाले पदों को राजपत्रित सेवा श्रेणी-2 घोषित करने के निर्देश दिए गए थे। इसी आधार पर मंत्रालय के सहायक अनुभाग अधिकारी संवर्ग को भी इसका लाभ देने की मांग की गई है। इस मांग के समर्थन में मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण समिति के अध्यक्ष रमेशचंद्र शर्मा ने भी सामान्य प्रशासन विभाग को नोटशीट लिखी है। ## दीपावली पर एक माह के वेतन के बराबर बोनस मांगा मंत्रालय कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर राज्य कर्मचारियों के लिए दीपावली पर एक माह के वेतन के बराबर बोनस देने की मांग की है। संघ का कहना है कि राज्य कर्मचारियों को दीपावली से पहले दिया जाने वाला बोनस पिछले वर्षों से बंद है। ऐसे में त्योहार के अवसर पर कर्मचारियों को आर्थिक राहत देने के लिए बोनस की व्यवस्था फिर से शुरू की जानी चाहिए। संघ ने सरकार से दोनों मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है। अब कर्मचारियों की निगाहें सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं।