सीधी: सोन नदी में नहाने उतरा 22 वर्षीय युवक डूबकर लापता, SDRF ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन खैरा गांव के पास हुई घटना, दोस्तों के साथ नदी किनारे पहुंचा था युवक; दूसरे दिन भी नहीं मिला सुराग** सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के खड्डी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खैरा के पास सोन नदी में नहाने उतरा 22 वर्षीय युवक डूबकर लापता हो गया। घटना शनिवार शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है। युवक अपने दोस्तों के साथ नदी किनारे पहुंचा था। काफी देर तक उसके वापस नहीं लौटने पर दोस्तों ने तलाश शुरू की और ग्रामीणों को सूचना दी। रविवार को पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया। फिलहाल युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका है। दोस्तों के साथ नदी किनारे पहुंचा था युवक लापता युवक की पहचान ज्ञानेंद्र सिंह (22), निवासी ग्राम पड़रा, जिला सीधी के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने बुआ के घर आया हुआ था। शनिवार शाम वह अपने दोस्तों के साथ सोन नदी के किनारे गया था। वहां उसके कुछ दोस्त नदी किनारे मछली पका रहे थे, जबकि ज्ञानेंद्र नहाने के लिए नदी में उतर गया। काफी देर तक जब ज्ञानेंद्र नदी से बाहर नहीं आया, तो उसके दोस्तों को चिंता हुई। उन्होंने आसपास उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद गांव के लोगों को सूचना दी गई और पुलिस को घटना से अवगत कराया गया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम जुटी तलाश में प्रत्यक्षदर्शी करण सिंह के मुताबिक, घटना के समय मौके पर तीन लोग मौजूद थे। दो लोग नदी किनारे मछली पकाने में व्यस्त थे, जबकि ज्ञानेंद्र नदी में नहाने चला गया था। उसके काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर तलाश शुरू की गई। खड्डी चौकी प्रभारी नीरज साकेत ने बताया कि युवक के नदी में डूबने की सूचना मिलने के बाद उसकी तलाश की जा रही है। रविवार को एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया गया। पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से नदी में खोजबीन की जा रही है। दूसरे दिन भी नहीं मिला सुराग सोन नदी में युवक के लापता होने की घटना के बाद परिजन और ग्रामीण चिंतित हैं। रेस्क्यू टीम नदी में लगातार तलाश कर रही है, लेकिन उपलब्ध जानकारी के अनुसार रविवार तक युवक का पता नहीं चल सका था। अब सभी की नजर रेस्क्यू अभियान पर टिकी हुई है।