enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी जिले में अवैध खनन एवं परिवहन पर खनिज विभाग की कार्रवाई, 9 वाहन और 1 जेसीबी जब्त

सीधी जिले में अवैध खनन एवं परिवहन पर खनिज विभाग की कार्रवाई, 9 वाहन और 1 जेसीबी जब्त

रेत और मुरूम के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त वाहनों पर कार्रवाई, संबंधित वाहन चालकों और स्वामियों के विरुद्ध दर्ज होंगे प्रकरण

जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम के लिए खनिज विभाग द्वारा कार्रवाई की गई। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी विकास मिश्रा तथा पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन और जिला खनिज अधिकारी कपिलमुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में खनिज दल ने तहसील गोपदबनास, बहरी एवं कुसमी के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए रेत और मुरूम के अनाधिकृत उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त 9 वाहनों तथा 1 जेसीबी मशीन को जब्त किया।

रेत और मुरूम के अवैध परिवहन पर कार्रवाई

खनिज विभाग की कार्रवाई के दौरान रेत का अनाधिकृत परिवहन करते पाए जाने पर 4 हाइवा वाहन क्रमांक MP17ZM2590, MP17ZP9372, MP17ZL2035 एवं MP17HH4178 तथा 2 ट्रैक्टर क्रमांक MP53ZC2823 एवं MP53ZD6572 को जब्त किया गया। इसके अतिरिक्त एक 407 वाहन, जिसका चेसिस क्रमांक MAT804301N8D07804 है, को भी जब्त किया गया।

इसी प्रकार मुरूम के अनाधिकृत उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त 2 हाइवा वाहन क्रमांक MP53ZH8001 एवं MP53HA1987 तथा एक जेसीबी मशीन, जिसका चेसिस क्रमांक RAJ3DXE5V03593012 है, को नियमानुसार जब्त किया गया।

विभिन्न थानों में खड़े कराए गए जब्त वाहन

जब्त किए गए वाहनों एवं जेसीबी मशीन को सुरक्षा की दृष्टि से विभिन्न पुलिस थानों में खड़ा कराया गया है। इनमें 6 वाहन एवं 1 जेसीबी मशीन थाना कोतवाली में, 1 वाहन थाना जमोड़ी में, 1 वाहन थाना बहरी में तथा 1 वाहन थाना कुसमी में रखा गया है।

संबंधित वाहन चालकों एवं स्वामियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे।

अवैध खनन के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी

कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। खनिज विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अवैध गतिविधियों में बार-बार संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Share:

Leave a Comment