enewsmp.com
Home सीधी दर्पण कलेक्टर ने मझौली समूह जल प्रदाय योजना का किया निरीक्षण

कलेक्टर ने मझौली समूह जल प्रदाय योजना का किया निरीक्षण

सीधी (ईन्यूज एमपी)-मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कलेक्टर विकास मिश्रा ने ग्राम परसिली में मझौली समूह जल प्रदाय योजना के तहत संचालित जल शोधन संयंत्र एवं इंटेक वेल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जल शोधन की प्रक्रिया, संयंत्र के विभिन्न अवयवों तथा वाटर टेस्टिंग लैबोरेटरी का अवलोकन कर पेयजल की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने योजना के अंतर्गत 25 ग्रामों में की जा रही पेयजल आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही, जल की गुणवत्ता की निरंतर निगरानी करते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नियमित परीक्षण किया जाए, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके।

कलेक्टर ने ग्रामीणों को पेयजल के विवेकपूर्ण एवं समुचित उपयोग के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। उन्होंने पानी समिति के माध्यम से ग्रामीणों को जलकर का नियमित भुगतान करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए, जिससे जल प्रदाय योजना का सुचारू संचालन एवं रखरखाव सुनिश्चित किया जा सके।

पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश देते हुए कलेक्टर विकास मिश्रा ने पौधरोपण भी किया। उन्होंने जल संरक्षण, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक सहभागिता के महत्व पर बल दिया।

इस दौरान जल निगम के जीएम नीरव अग्रवाल सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

Leave a Comment