सांसद डॉ. राजेश मिश्रा और मंत्री राधा सिंह से काजल साह ने किए सवाल, ग्रामीण लंबे समय से उठा रहे सड़क निर्माण की मांग सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)-जिले के चितरंगी विधानसभा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की कमी का एक मामला सामने आया है। छुरछड़ा टोला में आजादी के करीब 80 साल बाद भी ग्रामीण सड़क जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं। सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के आवागमन के साथ-साथ आपात स्थिति में भी गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में एक आदिवासी ग्रामीण की अचानक तबीयत खराब होने पर परिजनों को उसे कंधे पर लेकर अस्पताल तक पहुंचाना पड़ा। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद छुरछड़ा टोला की सड़क समस्या एक बार फिर चर्चा में आ गई है। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है। छुरछड़ा निवासी काजल साह का कहना है कि करीब एक साल से सोशल मीडिया के माध्यम से गांव की सड़क समस्या को लगातार उठाया जा रहा है, लेकिन अभी तक जिम्मेदारों की ओर से कोई ठोस पहल दिखाई नहीं दी है। काजल साह ने इस मामले को लेकर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा और चितरंगी विधानसभा क्षेत्र की विधायक एवं राज्य मंत्री राधा सिंह से भी सवाल किए हैं। उनका कहना है कि ग्रामीणों को जनप्रतिनिधियों से अपनी मूलभूत समस्याओं के समाधान की उम्मीद है, लेकिन सड़क जैसी जरूरी सुविधा के लिए भी उन्हें लंबे समय से इंतजार करना पड़ रहा है। मरीज को कंधे पर ले जाने की मजबूरी छुरछड़ा टोला में सड़क नहीं होने का सबसे गंभीर असर स्वास्थ्य सेवाओं पर दिखाई देता है। किसी ग्रामीण के बीमार या घायल होने की स्थिति में वाहन गांव तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में परिजनों को मरीज को कंधे पर उठाकर मुख्य मार्ग तक ले जाना पड़ता है। हाल की घटना ने ग्रामीणों की इस परेशानी को सामने ला दिया है। विकास के दावों पर उठे सवाल काजल साह ने कहा कि विकास की योजनाओं और दावों का असर जमीन पर भी दिखाई देना चाहिए। यदि आज भी किसी गांव में मरीज को अस्पताल पहुंचाने के लिए कंधे का सहारा लेना पड़ रहा है, तो यह गंभीर चिंता का विषय है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से छुरछड़ा टोला तक सड़क निर्माण कराने की मांग की है। अब ग्रामीणों की नजर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर है कि छुरछड़ा टोला की सड़क समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम कब उठाया जाता है और उन्हें सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए और कितना इंतजार करना पड़ेगा।