enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश MP में मौसम का दोहरा असर: विंध्य के 12 जिलों में बारिश का अलर्ट, भोपाल-इंदौर में बढ़ी ठंड

MP में मौसम का दोहरा असर: विंध्य के 12 जिलों में बारिश का अलर्ट, भोपाल-इंदौर में बढ़ी ठंड

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश में चक्रवाती तूफान 'अकवान' और पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर दिखाई देने लगा है। प्रदेश के पूर्वी हिस्से में बारिश का दौर जारी है, जबकि भोपाल, इंदौर और उज्जैन सहित पश्चिमी क्षेत्रों में ठंड का असर बढ़ गया है। मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के 12 जिलों में बारिश और आंधी की संभावना जताई है। इनमें विंध्य और शहडोल संभाग के कई जिले शामिल हैं।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ मौसम बदलने की संभावना है।

शनिवार को भी प्रदेश के पूर्वी हिस्से में कई स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। मंडला, सिंगरौली, डिंडौरी, मैहर, रीवा और सीधी सहित कई क्षेत्रों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई। इससे पहले अनूपपुर जिले के अमरकंटक में करीब एक इंच बारिश रिकॉर्ड की गई थी। मौसम में आए इस बदलाव से किसानों और आम लोगों की दिनचर्या पर भी असर पड़ सकता है।


कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में बर्फबारी हो रही है। इसका असर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी दिखाई दे रहा है। उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश के कई शहरों में तापमान गिर रहा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मौजूदा मौसम प्रणाली के आगे बढ़ने के बाद ठंड का असर और तेज हो सकता है।

बढ़ती ठंड को देखते हुए उज्जैन जिले में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। जारी आदेश के अनुसार नर्सरी से कक्षा आठवीं तक की कक्षाएं सुबह 9 बजे से पहले संचालित नहीं होंगी। बच्चों को सुबह की ठंड से राहत देने के लिए यह व्यवस्था की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार नवंबर के दूसरे सप्ताह से प्रदेश में ठंड बढ़ने लगती है। खासकर ग्वालियर-चंबल संभाग में उत्तरी हवाओं के कारण तापमान में तेजी से गिरावट आती है। ऐतिहासिक आंकड़ों के मुताबिक ग्वालियर में नवंबर महीने में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री और उज्जैन में 2.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है।

भोपाल, इंदौर और जबलपुर में नवंबर के दौरान बारिश होने का भी ट्रेंड रहा है। इस बार महीने की शुरुआत से ही मौसम प्रणालियों के सक्रिय होने के कारण बारिश की स्थिति बन रही है। तीसरे और चौथे सप्ताह में भी मौसम प्रणाली सक्रिय होने पर बारिश की संभावना जताई गई है।

फिलहाल प्रदेश में कहीं बारिश तो कहीं ठंड का असर देखने को मिल रहा है। खासकर सीधी, सिंगरौली, रीवा और शहडोल संभाग के लोगों को अगले कुछ दिनों तक मौसम के बदलाव के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है।

Share:

Leave a Comment