enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड, करौंदी में पारा 7.2 डिग्री; 20 से 22 नवंबर तक बारिश-आंधी का अलर्ट

मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड, करौंदी में पारा 7.2 डिग्री; 20 से 22 नवंबर तक बारिश-आंधी का अलर्ट

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश में ठंड ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी और उत्तर दिशा से आ रही ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश के अधिकांश इलाकों में रात का तापमान लगातार गिर रहा है। कटनी जिले के करौंदी में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं भोपाल और जबलपुर सहित सात शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। खास बात यह है कि प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी के मुकाबले भोपाल और जबलपुर में रातें ज्यादा ठंडी रहीं।

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल ठंड का असर इसी तरह बना रहने की संभावना है। हालांकि बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान के प्रभाव से 20 से 22 नवंबर के बीच प्रदेश के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में मौसम बदल सकता है। इस दौरान कुछ जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है।


प्रदेश में सबसे कम तापमान कटनी के करौंदी में 7.2 डिग्री दर्ज किया गया। शहडोल के कल्याणपुर में पारा 8 डिग्री रहा। इसके अलावा शाजापुर के गिरवर में 9.1, उमरिया में 9.2, रीवा में 9.4, जबलपुर में 9.8 और भोपाल में 9.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।पचमढ़ी में रात का तापमान 11.2 डिग्री रहा। वहीं दमोह और खजुराहो में 10 डिग्री, मलाजखंड में 10.1, रायसेन में 10.5 और दतिया में 10.8 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। सीधी में भी रात का पारा 12.8 डिग्री सेल्सियस रहा।


मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान के प्रभाव से 20 से 22 नवंबर तक प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश हो सकती है। तूफान के कमजोर पड़ने के कारण भारी बारिश की संभावना कम बताई गई है, लेकिन कई इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं।20 नवंबर को मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी, अनूपपुर, मंडला, सिवनी और बालाघाट में बारिश का अलर्ट है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

21 नवंबर को रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी और मंडला में आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं 22 नवंबर को रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी और अनूपपुर में मौसम बदल सकता है।
सीधी, सिंगरौली, रीवा और मऊगंज में अगले तीन दिनों के दौरान मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। रात में ठंड का असर बना रहेगा, जबकि बारिश और तेज हवाओं के कारण दिन के मौसम में भी बदलाव संभव है। मौसम विभाग ने लोगों को मौसम के पूर्वानुमान पर नजर रखने और बारिश व तेज हवा के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

Share:

Leave a Comment