enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश शराब छुड़ाने के नाम पर पिलाया जहरीला काढ़ा, दो की मौत; पांच की हालत बिगड़ी

शराब छुड़ाने के नाम पर पिलाया जहरीला काढ़ा, दो की मौत; पांच की हालत बिगड़ी

बैतूल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में शराब की लत छुड़ाने के नाम पर कथित तौर पर जड़ी-बूटियों से तैयार घोल पिलाने का मामला सामने आया है। इस घोल को पीने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य की तबीयत बिगड़ गई। सभी बीमारों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गंभीर स्थिति को देखते हुए पांचों मरीजों को बेहतर उपचार के लिए एम्स रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर गैर-इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज किया है।

जानकारी के मुताबिक, बैतूल के पाठाखेड़ा क्षेत्र में 'राजा की बैठक' नामक स्थान पर शराब की लत छुड़ाने का दावा किया जा रहा था। यहां भगत और ओझा द्वारा 21 दिन में शराब छुड़ाने का भरोसा दिया गया था। उपचार के नाम पर लोगों को पूजा-पाठ के बाद लाल रंग का तरल पदार्थ पिलाया गया। इसे जड़ी-बूटियों का काढ़ा बताया गया। आरोप है कि घोल पीने के कुछ देर बाद ही लोगों को पेट में जलन, चक्कर और उल्टियां होने लगीं।


मृतक संजय उड्के के भाई के मुताबिक, उन्हें जानकारी मिली थी कि पाठाखेड़ा में शराब छुड़ाने का इलाज किया जाता है। वे अपने परिजनों के साथ वहां पहुंचे, जहां करीब 400 से 500 लोगों की भीड़ मौजूद थी। पूजा-पाठ के बाद दो गिलास लाल रंग का घोल पीने के लिए दिया गया। घोल पीते ही पेट में तेज जलन हुई और करीब आधे घंटे बाद चक्कर तथा उल्टियां शुरू हो गईं। घर लौटते समय संजय की हालत बिगड़ गई और रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।


जिला अस्पताल के RMO डॉ. रानू वर्मा के अनुसार, पांचों मरीजों के ECG में बदलाव पाए गए। जांच में हार्ट मसल डैमेज के संकेत मिलने के बाद उन्हें एम्स रेफर किया गया। मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है, हालांकि उनके हार्ट रेट में बीच-बीच में गिरावट आ रही थी। जहरीले पदार्थ की आशंका को देखते हुए एक डॉक्टर और दो पुलिसकर्मियों को भी मरीजों के साथ भेजा गया।

इस घटना में रामकिशोर झाड़े (35), निवासी देहगुढ़, थाना आठनेर और संजय उड्के (22), निवासी इमलीढाना, थाना चिचोली की मौत हुई है। वहीं मोहन अमरूते (30), विजय उइके (26), एक 17 वर्षीय किशोर, रामदास अहाके (36) और सहदेव इवने (50) की तबीयत बिगड़ने के बाद उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।


पुलिस अधीक्षक अमित सक्सेना के मुताबिक, पुलिस ने मौके से पिलाया गया तरल पदार्थ और जमरास की जड़ का चूरा जब्त किया है। इनके नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही घोल में मौजूद पदार्थों और मौतों की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस ने भगत रमेश उइके, ओझा परते और शरद कवड़े को गिरफ्तार किया है। तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Share:

Leave a Comment

समान समाचार