सीधी -जीवनोदय शिक्षा समिति द्वारा दिया जाने वाला प्रतिष्ठित डॉ. पी. एन. सिंह आलोचना सम्मान वर्ष 23 बीएचयू के प्रो. आशीष त्रिपाठी को 23 दिसंबर को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी में प्रदान किया जाएगा।इसके पूर्व यह सम्मान डॉ. वैभव सिंह, दिल्ली ' को दिया गया था। इस सम्मान की घोषणा करते हुए समिति के अध्यक्ष प्रो. रामनारायण तिवारी ने बताया कि आशीष त्रिपाठी बहु विद्याधर आचार्य है। कविता, आलोचना और नाटक के क्षेत्र में यह लगातार काम कर रहे हैं। इनका पहला कविता संग्रह ‘एक रंग ठहरा हुआ’ 2010 में प्रकाशित हुआ और लक्ष्मण प्रसाद मंडलोई स्मृति सम्मान से सम्मानित हुआ। दूसरा कविता संग्रह 'शांति पर्व' 2024 में प्रकाशित हुआ। कविता के साथ ही आलोचना के क्षेत्र में इन्होंने बहुत महत्वपूर्ण कार्य किया है। ‘समकालीन हिन्दी रंगमंच और रंगभाषा’ , ‘भक्ति आन्दोलन और तुलसीदास’, ‘हिन्दी नाटकों पर लोक रंग-परम्पराओं का प्रभाव’ पुस्तक के प्रकाशन के बाद इन दिनों रज़ा फेलोशिप के तहत हबीब तनवीर की जीवनी लिखने के साथ ही समकालीन कविता पर लगातार लेखन लिख रहे हैं। आलोचना कार्य के लिए इन्हें 2016 के स्पंदन सम्मान और 2026 के नामवर सिंह सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है। आशीष त्रिपाठी ने प्रो. नामवर सिंह की पुस्तकों का संपादन कार्य कर हिन्दी आलोचना को समृद्ध करने का गुरुत्तर दायित्य निभाया है।इन्होंने ‘रामचंद्र शुक्ल रचनावली’ के आठ खंडों का संपादन कार्य किया है।साथ ही चंद्रकांत देवताले के साक्षात्कार संग्रह ‘मेरे साक्षात्कार’, काशीनाथ सिंह के 'प्रतिनिधि कहानियाँ', ‘खरोंच’ व ‘पायल पुरोहित तथा अन्य कहानियाँ’, स्वयं प्रकाश के कथा चयन 'प्रतिनिधि कहानियां', अरुण कमल के चयन '75 कविताएँ', 'नाट्य व्यक्तित्व मोहन राकेश', 'आषाढ़ का एक दिन : पुनर्मूल्यांकन' और राधाकृष्ण मूल्यांकन माला के तहत 'ध्रुवस्वामिनी' पर केंद्रित पुस्तक का संपादन कार्य भी किया है। पी एन सिंह बुद्धिधर्मी आलोचक थे। हिंदी आलोचना में उन्होंने बहुत महत्वपूर्ण कार्य किया है। उनका विपुल लेखन साहित्य और समाज को हमेशा मार्गदर्शन प्रदान करता रहेगा। प्रगतिशील लेखक संघ इकाई सीधी के अध्यक्ष सोमेश्वर सिंह, प्रो अनिल कुमार सिंह सत्यप्रिय, डॉ शिव शंकर मिश्रा सरस, धीरेंद्र त्रिपाठी, जगदीश मिश्रा, अशोक तिवारी अकेला, महेंद्र सिंह गौतम, रावेन्द्र शुक्ला, डॉ संतोष तिवारी सहित अनेक लेखकों ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए प्रोफेसर आशीष त्रिपाठी को बधाई तथा शुभकामनाएं दी है।