enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी में लोकायुक्त का छापा: 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते तहसील का रीडर गिरफ्तार

सीधी में लोकायुक्त का छापा: 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते तहसील का रीडर गिरफ्तार

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त रीवा की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को उपतहसील कार्यालय हनुमानगढ़ में दबिश देकर तहसीलदार के रीडर भूपेन्द्र सिंह को कथित तौर पर 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के बाद लोकायुक्त टीम पकड़े गए लिपिक को पूछताछ के लिए चुरहट रेस्ट हाउस लेकर गई।

मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई खड्डी निवासी एक फरियादी की शिकायत पर की गई। फरियादी हीरालाल कोल पिता श्री स्व. श्री चैता कोल उम्र -57 वर्ष ग्राम देवरछ ने तहसील कार्यालय में पदस्थ रीडर भूपेन्द्र सिंह के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत लोकायुक्त रीवा से की थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त की टीम ने जाल बिछाया और गुरुवार को उपतहसील कार्यालय हनुमानगढ़ में कार्रवाई को अंजाम दिया।

लोकायुक्त टीम की अचानक हुई कार्रवाई से उपतहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया। टीम ने निर्धारित योजना के तहत कार्रवाई करते हुए भूपेन्द्र सिंह को 10 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते पकड़ा। इसके बाद टीम आरोपी को अपने साथ चुरहट रेस्ट हाउस ले गई, जहां आगे की पूछताछ और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग के कामकाज और आम लोगों से जुड़े मामलों में कथित रिश्वतखोरी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। तहसील और उपतहसील कार्यालयों में जमीन, राजस्व रिकॉर्ड और अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए पहुंचने वाले नागरिकों को यदि रिश्वत देनी पड़े, तो यह व्यवस्था की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

फिलहाल लोकायुक्त की कार्रवाई जारी है। मामले में रिश्वत मांगने के कारण और किस काम के बदले रकम मांगी गई थी, इसकी विस्तृत जानकारी आधिकारिक बयान के बाद सामने आएगी।

Share:

Leave a Comment

समान समाचार