enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी में फिर बुझा एक घर का चिराग, भारी वाहन की टक्कर से बाइक सवार की दर्दनाक मौत

सीधी में फिर बुझा एक घर का चिराग, भारी वाहन की टक्कर से बाइक सवार की दर्दनाक मौत

सीधी(ईन्यूज एमपी)- हे प्रभु! आखिर सीधी में यह क्या हो रहा है? आए दिन सड़क हादसों में किसी न किसी परिवार का चिराग बुझ रहा है। सड़क पर दौड़ते भारी वाहन अब लोगों की जिंदगी के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। ताजा मामला सीधी शहर के पड़ैनिया क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार रजनीश तिवारी की दर्दनाक मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, ग्राम गाड़ा पोखरी टोला निवासी रजनीश तिवारी सीधी बाजार आने के लिए घर से निकले थे। लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा। रघु पेट्रोल पंप के समीप एक भारी वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि रजनीश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, दुर्घटना के बाद भारी वाहन बाइक सवार को कथित तौर पर करीब आधा किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए।

सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और स्थानीय लोगों को समझाइश दी। वहीं फरार वाहन और चालक की तलाश में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

सीधी शहर और आसपास के क्षेत्रों में भारी वाहनों की बेलगाम आवाजाही और सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। एक परिवार ने अपना सदस्य खो दिया, पीछे छूट गए परिजनों के आंसू और जिंदगी भर का दर्द।

पुलिस अधीक्षक से अपेक्षा है कि मामले में त्वरित एवं प्रभावी विधिक कार्रवाई कर फरार वाहन और चालक की पहचान सुनिश्चित कराई जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

Share:

Leave a Comment