enewsmp.com
Home सीधी दर्पण हनुमानगढ़ में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत जनकल्याण शिविर आयोजित, हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

हनुमानगढ़ में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत जनकल्याण शिविर आयोजित, हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

सीधी(ईन्यूज एमपी)- मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत तहसील परिसर हनुमानगढ़ में जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, रीवा संभाग के पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत, पुलिस उपमहानिरीक्षक हेमंत चौहान, कलेक्टर विकास मिश्रा, पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, वनमंडलाधिकारी प्रीति अहिरवार और जिला पंचायत सीईओ सौम्या आनंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

आईजी ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ

पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार की जानकारी देते हुए गांजा, चरस, स्मैक और कोरेक्स जैसे मादक पदार्थों के अवैध विक्रय की सूचना पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

आईजी ने साइबर अपराधों से बचाव के लिए भी लोगों को जागरूक किया। उन्होंने बैंक खाते, एटीएम, पासवर्ड और ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारियां किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी।

हेलमेट लगाने और दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने की अपील

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने ग्रामीणों से यातायात नियमों का पालन करने तथा दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की। उन्होंने राहवीर योजना की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहन एवं पुरस्कार दिए जाने का प्रावधान है।

कलेक्टर ने शिकायतकर्ताओं से किया सीधा संवाद

कलेक्टर विकास मिश्रा ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के शिकायतकर्ताओं से सीधे बातचीत कर उनके प्रकरणों में हुई कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों की अद्यतन स्थिति पूछते हुए प्राप्त आवेदनों की सुनवाई की और जनसमस्याओं का समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि आमजन की समस्याओं के निराकरण में अधिकारी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करें। उन्होंने आगामी माह की 20 तारीख को पुनः शिविर आयोजित करने तथा वर्तमान शिविर में प्राप्त शिकायतों और आवेदनों के निराकरण की प्रगति से संबंधित आवेदकों को अवगत कराने के निर्देश दिए।

लाड़ली लक्ष्मी, पेंशन और संबल योजना के हितग्राहियों को लाभ

शिविर में जिला पंचायत सदस्य प्रदीप शुक्ला ने लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस दौरान लाड़ली लक्ष्मी योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना और संबल योजना के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की पात्रता और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी।

ग्रामीणों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श के लिए स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जिसमें लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

कार्यक्रम में जनपद सदस्य उर्मिला साकेत, सरपंच प्रभा तिवारी, एसडीएम अजय शर्मा, एसडीओपी राघवेंद्र द्विवेदी, नारायण तिवारी, भानू पाण्डेय, रजनीश शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

Leave a Comment