enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश MP के 35 लाख विद्यार्थियों को बड़ी राहत, अब मोबाइल पर मिलेगी मार्कशीट और डिग्री

MP के 35 लाख विद्यार्थियों को बड़ी राहत, अब मोबाइल पर मिलेगी मार्कशीट और डिग्री

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा संस्थानों से पढ़ाई पूरी कर चुके करीब 30 से 35 लाख विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। अब विद्यार्थियों को अपनी मार्कशीट, डिग्री और शैक्षणिक क्रेडिट के रिकॉर्ड के लिए विश्वविद्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। केंद्र सरकार ने लंबे समय से अटके शैक्षणिक रिकॉर्ड को अपलोड करने के लिए एनएडी-डिजीलॉकर और एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट्स (एबीसी) पोर्टल दोबारा खोल दिए हैं। इससे वर्ष 2021 से 2025 के बीच परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।

तकनीकी और शैक्षणिक वर्ष की समय-सीमा संबंधी बाध्यता के कारण बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की अंकसूची और डिग्री डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपलोड नहीं हो पा रही थीं। अब केंद्र सरकार ने यह बाध्यता हटा दी है। इसके बाद उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और चिकित्सा शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी संबंधित विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों को लंबित रिकॉर्ड अपलोड करने के निर्देश दिए हैं।

इस व्यवस्था का लाभ प्रदेश के 19 सरकारी विश्वविद्यालयों, निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अंतर्गत आने वाले संस्थानों और स्वशासी महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को मिलेगा। इसमें स्नातक, स्नातकोत्तर और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी शामिल हैं। रिकॉर्ड अपलोड होने के बाद उनकी मार्कशीट और डिग्री डिजीलॉकर पर डिजिटल रूप में उपलब्ध हो सकेंगी।

संबंधित शिक्षण संस्थानों को लंबित शैक्षणिक रिकॉर्ड अपलोड करने के लिए 31 जनवरी 2027 तक का समय दिया गया है। केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि इसके बाद समय-सीमा बढ़ाने का प्रस्ताव नहीं है। इसलिए विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों को निर्धारित अवधि में रिकॉर्ड अपलोड करने होंगे।

केंद्र सरकार के जोनल कोऑर्डिनेटर अभिनव शर्मा के अनुसार, शैक्षणिक वर्ष की समय-सीमा की बाध्यता के कारण नवंबर 2025 से परीक्षा वर्ष 2021 से 2024 तक का डेटा अपलोड नहीं हो पा रहा था। इसके बाद जून 2026 से परीक्षा वर्ष 2025 का डेटा अपलोड होना भी बंद हो गया था। विश्वविद्यालयों के पास विद्यार्थियों का रिकॉर्ड मौजूद था, लेकिन डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध नहीं होने से छात्रों को परेशानी उठानी पड़ रही थी।

डिजीलॉकर पर मार्कशीट और डिग्री उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को नौकरी के आवेदन, उच्च शिक्षा में प्रवेश, शैक्षणिक क्रेडिट ट्रांसफर और दस्तावेज सत्यापन में सुविधा मिलेगी। डिजिटल दस्तावेजों को ऑनलाइन साझा और सत्यापित किया जा सकेगा। इससे मूल दस्तावेजों की प्रतियां लेकर अलग-अलग कार्यालयों में जाने की जरूरत भी कम होगी।

विद्यार्थियों के दस्तावेज डिजीलॉकर या एबीसी आईडी में अपडेट नहीं होने पर टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर **1800-889-3511** पर संपर्क किया जा सकता है। संस्थानों की तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए सोमवार से शुक्रवार दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक वर्चुअल हेल्प सेशन भी आयोजित किए जा रहे हैं।

Share:

Leave a Comment