enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मध्य प्रदेश में बढ़ी ठिठुरन, भोपाल में पारा 9 डिग्री; विंध्य के सात जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में बढ़ी ठिठुरन, भोपाल में पारा 9 डिग्री; विंध्य के सात जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर अब मध्य प्रदेश में साफ दिखाई देने लगा है। उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश के कई शहरों में रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। बीती रात भोपाल और शाजापुर सबसे ठंडे इलाकों में शामिल रहे। राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि शाजापुर जिले के गिरवर में पारा लुढ़ककर 7.1 डिग्री पर पहुंच गया। दिन के समय भी भोपाल और शाजापुर में शीतलहर का असर महसूस किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी प्रदेश में तेज ठंड का दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान 'अकवान' के प्रभाव से प्रदेश के पूर्वी हिस्से में मौसम बदल सकता है। रीवा और शहडोल संभाग के कई जिलों में हल्की बारिश के साथ आंधी चलने का अनुमान है।

विंध्य के सात जिलों में बारिश और आंधी की संभावना

मौसम केंद्र भोपाल के मुताबिक शनिवार को सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल और अनूपपुर में हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम में बदलाव के बीच इन क्षेत्रों में ठंड का असर भी बना रहेगा। वहीं राजगढ़ और शाजापुर जिलों के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।

गिरवर में सबसे कम 7.1 डिग्री तापमान

बीती रात प्रदेश में सबसे कम तापमान शाजापुर जिले से जुड़े गिरवर में दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके बाद भोपाल में 9 डिग्री, बैतूल में 9.2 डिग्री, रायसेन और धार में 9.4 डिग्री तथा दमोह में 9.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

प्रदेश के अधिकांश शहरों में रात का तापमान 15 डिग्री या इससे नीचे बना हुआ है। तापमान में गिरावट के कारण सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ गई है। लोग गर्म कपड़ों का सहारा लेने लगे हैं।

ठंड के साथ बारिश से बदलेगा मौसम

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पहाड़ों में बर्फबारी और उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाएं प्रदेश में सर्दी बढ़ा रही हैं। दूसरी ओर चक्रवाती तूफान के प्रभाव से पूर्वी मध्य प्रदेश में बादल, बारिश और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है। मौसम के इस बदलाव का असर खासतौर पर विंध्य और शहडोल अंचल में देखने को मिल सकता है।

Share:

Leave a Comment