भोपाल (ईन्यूज़ एमपी)। केंद्र सरकार द्वारा परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों को लेकर संसद का सत्र बुलाए जाने की अटकलें तेज हो गई हैं। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से मिल रहे संकेतों के बीच मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपनी प्रस्तावित विदेश यात्रा निरस्त कर दी है। पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय नेतृत्व ने सभी राज्यों के नेताओं को नवंबर के अंतिम सप्ताह में राज्य से बाहर नहीं जाने के निर्देश दिए हैं। सूत्रों का मानना है कि संसद का तीन दिवसीय सत्र मानसून सत्र की निरंतरता में ही बुलाया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि संसद के मानसून सत्र का अब तक औपचारिक रूप से अवसान नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 23 से 28 नवंबर तक प्रदेश में निवेश जुटाने के उद्देश्य से सिंगापुर की यात्रा पर जाने वाले थे। यात्रा के लिए केंद्र सरकार की अनुमति से लेकर अन्य कार्यक्रमों की तैयारियां भी पूरी कर ली गई थीं, लेकिन अंतिम समय में मुख्यमंत्री ने यह यात्रा निरस्त कर दी। इसके बाद संसद सत्र बुलाए जाने की चर्चाओं ने और जोर पकड़ लिया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, शीतकालीन सत्र बुलाने के लिए 15 दिन पहले अधिसूचना जारी करनी होगी। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि मानसून सत्र को ही आगे बढ़ाते हुए 26 नवंबर से तीन दिवसीय सत्र बुलाया जा सकता है। मोदी कैबिनेट विस्तार की भी चर्चा संसद सत्र की अटकलों के बीच केंद्र में मोदी कैबिनेट के विस्तार की संभावनाएं भी जताई जा रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, संसद सत्र से ठीक पहले केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल या विस्तार हो सकता है। इसमें शरद पवार की एनसीपी को भी शामिल किए जाने की संभावनाओं की चर्चा है। इसके अलावा दक्षिण भारत के राज्यों में परिसीमन के बाद लोकसभा सीटों की संख्या में संभावित बदलाव को लेकर उठे मतभेदों को दूर करने की दिशा में भी चर्चा होने की बात कही जा रही है। फिलहाल संसद सत्र की तारीख और कैबिनेट विस्तार को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।