भोपाल (ईन्यूज़ एमपी)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई मध्यप्रदेश मंत्रिपरिषद की बैठक में सीधी सहित प्रदेश के चार जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों को 50-50 करोड़ रुपये का अंशदान देने का निर्णय लिया गया है। इस राशि से बैंकों में व्यवस्थागत सुधार के कार्य किए जाएंगे। इस निर्णय से सीधी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक को भी आर्थिक मजबूती मिलने की उम्मीद है। कैबिनेट बैठक में प्रदेश की 1,834 बसाहटों के 40,500 घरों तक बिजली पहुंचाने के लिए 193 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी गई। योजना के तहत जिन बसाहटों में 20 से कम घर हैं, वहां राज्य सरकार अपने बजट से विद्युतीकरण की व्यवस्था करेगी। प्रदेश में खनिज क्षेत्र से वार्षिक आय को बढ़ाकर 30 हजार करोड़ रुपये करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वर्तमान में खनिज से प्रदेश को 12,170 करोड़ रुपये की आय हो रही है। लक्ष्य की प्राप्ति के लिए खनिज विकास निगम पूरे प्रदेश में सर्वे कराएगा। इसमें भारत सरकार का सहयोग लिया जाएगा तथा उपलब्ध आंकड़ों का विश्लेषण भी किया जाएगा। बैठक में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) के चुनाव एक वर्ष के लिए आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया। इसके पीछे समितियों के परिसीमन और नई समितियों के गठन में लगने वाले समय को वजह बताया गया है। वर्ष 2018 से लंबित इन चुनावों में कर्जमाफी, नई समितियों के गठन और परिसीमन सहित विभिन्न कारणों से देरी हुई है। मंत्रियों के 21 एवं 22 दिसंबर को प्रस्तावित चिंतन शिविर से पहले 2 दिसंबर को प्रदेश के सभी अधिकारियों का नीति चिंतन आयोजित किया जाएगा। इसमें अधिकारी आठ समूहों में विभाजित होकर विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे। इन समूहों से प्राप्त अनुशंसाओं के आधार पर मंत्रियों के चिंतन शिविर में आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा।