सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर शुक्रवार को छात्र-छात्राओं ने तिरंगा यात्रा निकालकर अपनी आवाज बुलंद की। जीडीसी सीधी, संजय गांधी कॉलेज सहित अन्य महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए विश्वविद्यालय स्थापना की मांग उठाई। यात्रा के समापन पर कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। तिरंगा यात्रा सुबह 11:30 बजे संजय गांधी कॉलेज के पास से शुरू हुई। यात्रा नए बस स्टैंड, पुरानी सीधी स्थित लालता चौक, पुराना बस स्टैंड, गांधी चौराहा और सम्राट चौराहा सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। तेज धूप और लंबी यात्रा के बावजूद विद्यार्थियों का उत्साह बना रहा। छात्र-छात्राओं ने नारे लगाकर जिले में विश्वविद्यालय स्थापना की मांग को प्रमुखता से उठाया। उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाने को मजबूर विद्यार्थी छात्र संगठन का नेतृत्व कर रहे शोध छात्र इंद्रलाल पटेल ने कहा कि सीधी में विश्वविद्यालय की जरूरत उन विद्यार्थियों से बेहतर कोई नहीं समझ सकता, जिन्हें बेहतर पाठ्यक्रमों और उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है। बाहर जाकर पढ़ाई करने में विद्यार्थियों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है और महंगी शिक्षा का बोझ भी उठाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जिले के शासकीय महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए भी विद्यार्थियों को कई बार परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में सीधी में विश्वविद्यालय की स्थापना होने से स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिल सकेंगे। मांग पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन यात्रा के दौरान छात्र ऋषि पटेल ने नारों के माध्यम से विद्यार्थियों की मांग को बुलंद किया, जबकि ज्ञापन का वाचन जीडीसी सीधी की एमएससी छात्रा ज्योति पटेल ने किया। विद्यार्थियों ने स्पष्ट किया कि जिले में विश्वविद्यालय की स्थापना होने तक उनकी मांग और प्रयास जारी रहेंगे। तिरंगा यात्रा में इंद्रलाल पटेल, ज्योति पटेल, केशकली सिंह, प्रांजल कुमार पाठक, श्वेता शुक्ला, कृपाशंकर पटेल, खुशी द्विवेदी, गणेश पनिका, संजय कुमार यादव, रामायण सोंधिया, मनीष कुमार, अल्केश कुमार, दिग्विजय साहू, संजय प्रजापति, अनूप सिंह जानम, अभिषेक कुमार, अर्पित पटेल, रोशनी केवट, राजवती सिंह, अर्चना यादव, विजय पटेल, अजय केवट, हेमा सिंह, मंजू रावत, गीतांजलि पटेल, वर्षा साकेत, सुभाष पटेल, आदित्य पांडे, प्रतिमा पटेल, प्रमिला साहू, पूजा जायसवाल, अमृता साहू, पार्वती यादव, रोहित मिश्रा, विनीत पांडे, नफीस खान, रंजन विश्वकर्मा, वीरेंद्र पटेल, ओम प्रकाश यादव, प्रिंस साकेत, दिवाकर साहू, नागेंद्र कुमार कुशवाहा, देवांश कुमार बैस, कुलदीप सिंह, अभिनव कुमार वर्मा, सुमित, दिलखुश साहू, अमित सिंह चौहान, दीपांजलि, ऋषि पटेल, अमृतेश रावत, अनिल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल रहे।