दिल्ली (ईन्यूज एमपी)-भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में मध्य प्रदेश का दबदबा बढ़ा है। पार्टी द्वारा जारी नई सूची में मध्य प्रदेश के 8 नेताओं को महत्वपूर्ण राष्ट्रीय जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इनमें कई सांसदों के साथ संगठन से जुड़े अनुभवी नेताओं को भी जगह मिली है। नई राष्ट्रीय टीम में लाल सिंह आर्य को भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं खरगोन से सांसद गजेंद्र पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार को राष्ट्रीय मंत्री नियुक्त किया गया है। मध्य प्रदेश से जुड़े वरिष्ठ संगठन नेता सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी बनाया गया है। खजुराहो से सांसद एवं मध्य प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा को प्रकोष्ठ संकुल का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया गया है। इसके अलावा राज्यसभा सांसद बंसीलाल गुर्जर को भाजपा किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। बंसीलाल गुर्जर इससे पहले मध्य प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। मध्य प्रदेश भाजपा से जुड़े आशीष उषा अग्रवाल को राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में मध्य प्रदेश के नेताओं को मिली इन अहम जिम्मेदारियों को प्रदेश में पार्टी के मजबूत संगठनात्मक आधार और राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते प्रभाव के रूप में देखा जा रहा है। सूची में मध्य प्रदेश से जुड़े कई अनुभवी नेताओं को शामिल किए जाने से प्रदेश भाजपा कार्यकर्ताओं में भी उत्साह है। मध्य प्रदेश से राष्ट्रीय जिम्मेदारी पाने वाले नेताओं में लाल सिंह आर्य, गजेंद्र पटेल, कविता पाटीदार, विष्णु दत्त शर्मा, बंसीलाल गुर्जर, तरुण चुघ, सौदान सिंह और आशीष उषा अग्रवाल शामिल हैं।