सीधी(ईन्यूज एमपी)-कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देशानुसार जिला प्रशासन एवं शैल्बी हॉस्पिटल जबलपुर के संयुक्त तत्वावधान में आज शनिवार, 22 अगस्त को जिला अस्पताल सीधी में विशाल निःशुल्क कैंसर रोग परामर्श शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा। इसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार खरे ने बताया कि शिविर का प्रमुख उद्देश्य महिलाओं में स्तन कैंसर तथा आमजन में मुख एवं गले के कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना और बीमारी की समय पर पहचान कर उपचार सुनिश्चित करना है। शिविर में शैल्बी हॉस्पिटल जबलपुर की रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. मालती भगत एवं कंसल्टेंट ऑन्कोसर्जन डॉ. प्रशांत जैन मरीजों की जांच एवं परामर्श करेंगे। महिलाओं को बताया जाएगा स्वयं स्तन परीक्षण का तरीका शिविर के दौरान महिलाओं को सेल्फ ब्रेस्ट एग्जामिनेशन (स्वयं स्तन परीक्षण) की विधि के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा महिलाओं को जागरूक किया जाएगा कि प्रत्येक माह मासिक धर्म समाप्त होने के 5 से 7 दिन बाद स्वयं स्तन परीक्षण करें। साथ ही 30 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को प्रत्येक पांच वर्ष में एक बार क्लीनिकल स्तन जांच कराने की सलाह दी गई है। चिकित्सकों के अनुसार स्तन में गांठ, आकार या रंग में बदलाव अथवा निपल से किसी प्रकार का रिसाव जैसे लक्षण दिखाई देने पर इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करानी चाहिए। तंबाकू और गुटखा सेवन करने वालों की होगी जांच शिविर में गुटखा, तंबाकू एवं सुपारी का सेवन करने वाले लोगों को मुख एवं गले के कैंसर के शुरुआती लक्षणों के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताया जाएगा कि मुंह के अंदर सफेद या लाल दाग, आवाज बैठना, निगलने में परेशानी, मुंह से दुर्गंध अथवा गले में गांठ जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय जांच कराना आवश्यक है। संदिग्ध मरीजों को किया जाएगा रेफर डॉ. खरे ने जिले के नागरिकों, विशेषकर महिलाओं से इस निःशुल्क शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में भी शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग जांच और विशेषज्ञ परामर्श का लाभ उठा सकें। शिविर के दौरान जांच में संदिग्ध पाए जाने वाले मरीजों को उनकी आवश्यकता के अनुसार आगे की जांच एवं उपचार के लिए जिला अस्पताल सीधी अथवा शैल्बी हॉस्पिटल जबलपुर रेफर किया जाएगा। शिविर से संबंधित जानकारी के लिए संपर्क नंबर: 9522559341 एवं 7697591600