enewsmp.com
Home स्वास्थ्य सीधी: 51 लापरवाह कर्मचारियों का कटा वेतन, देखिए क्या थी वजह...

सीधी: 51 लापरवाह कर्मचारियों का कटा वेतन, देखिए क्या थी वजह...

- सार्थक एप में लापरवाही पर 51 कर्मचारियों का वेतन कटा

- स्वास्थ्य विभाग में अनुशासन पर सख्ती, डिजिटल उपस्थिति दर्ज नहीं करने वालों पर हुई कार्रवाई

सीधी(ईन्यूज एमपी)- स्वास्थ्य विभाग में अनुशासन, समयबद्ध उपस्थिति और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार खरे ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। सार्थक एप में नियमित रूप से उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले 51 कर्मचारियों के वेतन में नियमानुसार कटौती की गई है। विभाग की इस कार्रवाई से कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार खरे ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों की दैनिक उपस्थिति सार्थक एप के माध्यम से दर्ज की जाती है। इस डिजिटल व्यवस्था का उद्देश्य कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति और कार्यस्थल पर उपलब्धता की नियमित निगरानी करना है, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

विभागीय समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि 51 कर्मचारियों ने निर्धारित नियमों के अनुसार सार्थक एप पर अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं की। इसे सेवा नियमों का उल्लंघन और गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित कर्मचारियों के वेतन में नियमानुसार कटौती की गई।

डॉ. खरे ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का समय पर अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहना और डिजिटल माध्यम से उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशों की अनदेखी या कार्य में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे प्रतिदिन निर्धारित समय पर सार्थक एप में अपनी उपस्थिति दर्ज करना सुनिश्चित करें तथा अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। साथ ही मरीजों और आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि विभागीय कार्यों की नियमित समीक्षा आगे भी जारी रहेगी। यदि भविष्य में कोई कर्मचारी डिजिटल उपस्थिति या विभागीय अनुशासन का पालन नहीं करता है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share:

Leave a Comment

समान समाचार