सिंगरौली/रीवा(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। गुरुवार, 15 अक्टूबर 2026 को लोकायुक्त संभाग रीवा की टीम ने सिंगरौली जल संसाधन विभाग में पदस्थ सहायक वर्ग-2 के कर्मचारी दिनेश कुमार श्रीवास्तव को 4,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। आरोप है कि कर्मचारी ने एक सेवानिवृत्त कर्मचारी की लंबित बीमा राशि उसकी पत्नी के खाते में जमा कराने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। पिता की मृत्यु के बाद लंबित थी बीमा राशि लोकायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता रज्जन साकेत (21), निवासी मुर्तला कोठार, वार्ड नंबर-2, रामपुर नैकिन, जिला सीधी ने रीवा लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के पिता जल संसाधन विभाग, संभाग क्रमांक-2, सिंगरौली में सुपरवाइजर के पद पर पदस्थ थे और 1 जून 2025 को सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद उनकी बीमा राशि का भुगतान लंबित था। इसी दौरान 22 अक्टूबर 2025 को उनका निधन हो गया। इसके बाद लंबित बीमा राशि शिकायतकर्ता की मां के खाते में जमा कराने के संबंध में वह कार्यालय के सहायक वर्ग-2 दिनेश कुमार श्रीवास्तव से मिला। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने राशि का भुगतान कराने के बदले 4,000 रुपये की रिश्वत मांगी। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत कर दी। शिकायत के सत्यापन के बाद बिछाया जाल शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस रीवा की टीम ने उसका सत्यापन कराया। शिकायत की पुष्टि होने पर 15 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में ट्रैप टीम गठित की गई। टीम ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मेन ब्रांच, बैढ़न के पास कार्रवाई करते हुए दिनेश कुमार श्रीवास्तव को कथित तौर पर 4,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। आरोपी जल संसाधन विभाग, संभाग क्रमांक-2, सिंगरौली में सहायक वर्ग-2 के पद पर पदस्थ है। उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। लोकायुक्त टीम द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। रिश्वत मांगे तो लोकायुक्त को करें शिकायत इस कार्रवाई में निरीक्षक नरेश बेहरा और निरीक्षक एस. राम मरावी सहित लोकायुक्त कार्यालय रीवा की टीम शामिल रही। लोकायुक्त पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी सरकारी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत लोकायुक्त रीवा के मोबाइल नंबर 98936 07619 पर की जा सकती है।