enewsmp.com
Home सीधी दर्पण मध्य प्रदेश में बजट की कमी! दोनों उप मुख्यमंत्रियों की नई गाड़ियों का प्रस्ताव लौटा, 5.65 लाख करोड़ से ज्यादा कर्ज

मध्य प्रदेश में बजट की कमी! दोनों उप मुख्यमंत्रियों की नई गाड़ियों का प्रस्ताव लौटा, 5.65 लाख करोड़ से ज्यादा कर्ज

इंदौर(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश में आर्थिक संसाधनों पर दबाव के बीच राज्य सरकार ने नई गाड़ियों की खरीद पर फिलहाल रोक लगा दी है। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल के लिए नई इनोवा क्रिस्टा हाइब्रिड गाड़ियां खरीदने का प्रस्ताव वित्त विभाग ने बजट की कमी का हवाला देते हुए लौटा दिया है। विभाग ने फिलहाल पुराने वाहनों की मरम्मत कराकर काम चलाने के निर्देश दिए हैं।

5.65 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज

मध्य प्रदेश सरकार पर 5 लाख 65 हजार करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज बताया जा रहा है। वहीं, वित्त विभाग द्वितीय अनुपूरक बजट की तैयारियों में जुटा है। ऐसे में विभाग ने सभी सरकारी विभागों को निर्देश दिए हैं कि ऐसे प्रस्ताव नहीं भेजे जाएं, जिनसे राज्य के वित्तीय संसाधनों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ बढ़े।

1.10 लाख किलोमीटर चलने के बाद वाहन बदलने का नियम

शासकीय वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से 1 लाख 10 हजार किलोमीटर चलने के बाद बदलने का प्रावधान है। रिपोर्ट के मुताबिक, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा की वर्ष 2024 मॉडल इनोवा क्रिस्टा 1 लाख 29 हजार किलोमीटर से अधिक चल चुकी है। वहीं, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल की 2024 मॉडल इनोवा क्रिस्टा भी 1 लाख 32 हजार किलोमीटर से अधिक चल चुकी है। इसी आधार पर नए वाहनों की मांग की गई थी।

जगदीश देवड़ा ने दी सफाई, राजेंद्र शुक्ल ने कही ये बात

उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि मौजूदा वाहन निर्धारित सीमा से अधिक चल चुका है, इसलिए नए वाहन का प्रस्ताव भेजा गया था। वहीं, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि नए वाहन का प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी उनके निजी स्टाफ को होगी।

फिलहाल वित्त विभाग के रुख से स्पष्ट है कि राज्य सरकार नई गाड़ियों की खरीद के बजाय मौजूदा वाहनों की मरम्मत को प्राथमिकता दे रही है। बजट पर दबाव के बीच यह फैसला सरकारी खर्चों में कटौती की दिशा में उठाए गए कदम के तौर पर देखा जा रहा है।

Share:

Leave a Comment