enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, युवक गंभीर घायल

सीधी में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, युवक गंभीर घायल

सीधी(ईन्यूज एमपी)- कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भमरहा के गाजर गांव के पास रविवार रात करीब 10 बजे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 35 वर्षीय अनुज सोंधिया गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर और आंख के आसपास गंभीर चोटें आई हैं। घायल को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उपचार जारी है।

सामान लेने निकला था युवक

जानकारी के अनुसार, गाजर गांव निवासी अनुज सोंधिया रविवार रात सामान लेने के लिए घर से बाइक लेकर निकले थे। इसी दौरान रास्ते में सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अनुज सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

दूसरा बाइक चालक मौके से चला गया

एंबुलेंस चालक करण साकेत के मुताबिक, दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर की सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे। वहां एक व्यक्ति घायल अवस्था में मिला, जिसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद दूसरा बाइक चालक अपनी बाइक लेकर घटनास्थल से चला गया।

सिर और आंख के आसपास गंभीर चोटें

घायल के पिता रामस्वरूप सोंधिया ने बताया कि उनका बेटा घर से सामान लेने निकला था, तभी हादसा हो गया। जिला अस्पताल में उपचार कर रहे डॉक्टर अरविंद सोनी के अनुसार, युवक को गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Share:

Leave a Comment