enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मध्यप्रदेश में जूनियर डॉक्टरों के स्टाइपेंड में 4.46% की बढ़ोतरी, 1 अप्रैल से मिलेगा बढ़ा हुआ मानदेय

मध्यप्रदेश में जूनियर डॉक्टरों के स्टाइपेंड में 4.46% की बढ़ोतरी, 1 अप्रैल से मिलेगा बढ़ा हुआ मानदेय

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश के शासकीय मेडिकल कॉलेजों में पढ़ने वाले पीजी मेडिकल विद्यार्थियों और रेजिडेंट डॉक्टरों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार ने जूनियर डॉक्टरों के स्टाइपेंड में 4.46 प्रतिशत की वृद्धि की है। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, बढ़ी हुई दरें 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी मानी जाएंगी।

वित्त विभाग की सहमति के बाद स्टाइपेंड में यह बढ़ोतरी की गई है। नई दरों के तहत पीजी प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को अब 77,662 रुपये के स्थान पर 81,126 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। वहीं, द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों का स्टाइपेंड 80,050 रुपये से बढ़ाकर 83,620 रुपये और तृतीय वर्ष का 82,441 रुपये से बढ़ाकर 86,118 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है।

सुपर स्पेशियलिटी विद्यार्थियों को भी लाभ

सुपर स्पेशियलिटी पाठ्यक्रम के प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों का स्टाइपेंड भी 82,441 रुपये से बढ़ाकर 86,118 रुपये प्रतिमाह किया गया है। इसके अलावा सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों को अब 90,803 रुपये के स्थान पर 94,853 रुपये और जूनियर रेजिडेंट डॉक्टरों को 63,324 रुपये की जगह 66,148 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे।

हड़ताल के बाद बढ़ोतरी का आदेश

स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदेश के जूनियर डॉक्टरों ने पहले हड़ताल भी की थी। इसके बाद सरकार ने बढ़ोतरी का आश्वासन दिया था। अब विभागीय आदेश जारी होने के साथ ही संशोधित दरें लागू करने का रास्ता साफ हो गया है। चूंकि बढ़ोतरी 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी है, इसलिए पात्र डॉक्टरों को नियमानुसार पिछली अवधि के भुगतान में अंतर की राशि भी मिल सकती है।

Share:

Leave a Comment