कुसमी(ईन्यूज़ एमपी)- जनपद पंचायत कुसमी की ग्राम पंचायत गॉंजर के ग्राम त्रिचुली में शासकीय उचित मूल्य दुकान से राशन वितरण में कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। बैगा समाज के पदाधिकारियों ने तहसीलदार नारायण सिंह को शिकायत सौंपकर मामले की जांच कराने और दोषी पाए जाने पर संबंधित विक्रेता के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि उचित मूल्य दुकान के विक्रेता द्वारा पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में राशन नहीं दिया जा रहा है और खाद्यान्न वितरण में मनमानी की जा रही है। समाज के प्रतिनिधियों ने दावा किया कि सितंबर माह से हितग्राहियों को राशन नहीं मिला है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर पात्र परिवारों को नियमित रूप से राशन उपलब्ध कराने की मांग की है। इस दौरान विजय बहादुर बैगा, अध्यक्ष बैगा समाज मध्य प्रदेश, जिला सिंगरौली; प्रेमलाल बैगा, जिला अध्यक्ष बैगा विकास संगठन सीधी; मुकेश बैगा, रीता बैगा सहित समाज के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।