enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश सीएम मोहन यादव ने जारी की लाड़ली बहना योजना की 41वीं किस्त, 1.25 करोड़ महिलाओं के खाते में पहुंचे ₹1500

सीएम मोहन यादव ने जारी की लाड़ली बहना योजना की 41वीं किस्त, 1.25 करोड़ महिलाओं के खाते में पहुंचे ₹1500

उमरिया(ईन्यूज एमपी)- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को उमरिया जिले के गुरुवाही गांव से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 41वीं किस्त जारी की। सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की 1.25 करोड़ पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1500-1500 रुपये ट्रांसफर किए गए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 144.15 करोड़ रुपये की लागत के 136 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया।

उमरिया को मिलीं कई सौगातें

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उमरिया जिले में सांदीपनि स्कूल खोलने की घोषणा की। इसके अलावा पाली और मानपुर में सिविल अस्पताल खोलने तथा अमरपुर को तहसील बनाने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने चिल्हारी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की घोषणा करते हुए परीक्षण के बाद चिल्हारी को नगर परिषद बनाने की बात भी कही।

विधायक और सांसद रहे मौजूद

गुरुवाही में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक मीना सिंह, विधायक शिवनारायण सिंह और सांसद हिमाद्री सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों के जरिए क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया।

जून 2023 में शुरू हुई थी योजना

मध्यप्रदेश में लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में हुई थी। योजना के तहत पात्र सामान्य लाभार्थी महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। सितंबर 2026 तक योजना की 40 किस्तों का भुगतान किया जा चुका था। बुधवार को 41वीं किस्त जारी होने के साथ ही पात्र महिलाओं को नई किस्त की राशि मिली।

योजना के तहत सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त करने वाली पंजीकृत पात्र महिलाओं को प्रावधानों के अनुसार हर महीने 900 रुपये की सहायता दी जाती है। राशि आधार से जुड़े और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) सक्रिय बैंक खातों में सीधे ट्रांसफर की जाती है।

Share:

Leave a Comment