भोपाल (ईन्यूज एमपी)-मध्य प्रदेश में अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। 15 से 17 अक्टूबर के बीच प्रदेश के 20 जिलों में आंधी, बारिश और गरज-चमक की संभावना है। मौसम में बदलाव का असर ग्वालियर, चंबल, रीवा, शहडोल, सागर और जबलपुर संभाग के जिलों में देखने को मिलेगा। हालांकि, भोपाल, इंदौर और उज्जैन में मौसम विभाग ने कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। मौसम केंद्र भोपाल के मुताबिक, उत्तरी हिस्से में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और नए चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में मौसम बदलेगा। 15 और 16 अक्टूबर को ग्वालियर-चंबल और सागर संभाग में बारिश होने की संभावना है। वहीं, 17 अक्टूबर को जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग के जिलों में भी बारिश हो सकती है। सीधी-सिंगरौली समेत इन 20 जिलों में बारिश के आसार मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, ग्वालियर, भिंड, दतिया, शिवपुरी, अशोकनगर, निवाड़ी, छतरपुर, टीकमगढ़, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, मैहर, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में आंधी-बारिश की संभावना है। किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह गरज-चमक और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों पर रहने से बचें। आकाशीय बिजली चमकने पर पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास खड़े न हों। मौसम में बदलाव को देखते हुए किसानों को भी फसलों की सुरक्षा और कटाई के कार्यों में सावधानी बरतने की जरूरत है।