enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी में कथित धर्मांतरण मामले में दो महिलाएं गिरफ्तार, आज न्यायालय में होंगी पेश

सीधी में कथित धर्मांतरण मामले में दो महिलाएं गिरफ्तार, आज न्यायालय में होंगी पेश

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र में कथित धर्मांतरण के मामले में पुलिस ने नीलम दीक्षित और गीता दीक्षित को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी केदार परौहा ने दोनों महिलाओं को देर रात जिला चिकित्सालय से गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और बयान संबंधी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

मामले में फरियादी रघुनाथ प्रजापति ने 11 अक्टूबर को जमोड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उन पर धर्म परिवर्तन करने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। इसके बदले एक लाख रुपये देने की बात कही गई थी। साथ ही, अन्य लोगों को लाने पर प्रत्येक व्यक्ति के लिए एक लाख रुपये, सरकारी नौकरी तथा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराने का प्रलोभन दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है। फरियादी के अनुसार, उन्होंने इन प्रस्तावों को स्वीकार नहीं किया और पुलिस से शिकायत की। रात होने के कारण उन्हें वन स्टॉप सेंटर में रखा गया था।

गौरतलब है कि 11 अक्टूबर को दोपहर करीब तीन बजे जमोड़ी क्षेत्र की एमपीईबी कॉलोनी के पीछे स्थित एक निजी घर में प्रार्थना सभा आयोजित होने की सूचना पर बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं ने वहां कथित धर्मांतरण की गतिविधियां संचालित होने का आरोप लगाया था। इसी दौरान विवाद और मारपीट की घटना हुई, जिसमें तीन कार्यकर्ताओं के घायल होने की जानकारी सामने आई थी। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों महिलाओं को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share:

Leave a Comment