सीएमएचओ डॉ. अशोक कुमार खरे ने जिलेवासियों से की स्वैच्छिक रक्तदान की अपील सीधी(ईन्यूज एमपी)- मानवता की सेवा और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज शुक्रवार, 26 जून को जिला चिकित्सालय सीधी में वृहद स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगा, जिसमें जिले के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार खरे ने समाजसेवी संगठनों, युवाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, शासकीय एवं अशासकीय कर्मचारियों सहित सभी स्वस्थ नागरिकों से इस पुनीत अभियान में सहभागी बनने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनदान साबित हो सकता है तथा एक यूनिट रक्त से तीन मरीजों की जान बचाई जा सकती है। डॉ. खरे ने बताया कि रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है। स्वस्थ व्यक्ति नियमित अंतराल पर रक्तदान कर सकता है, जिससे शरीर में नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण भी होता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने जानकारी दी कि शिविर में जिला चिकित्सालय की ब्लड बैंक टीम द्वारा रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच, हीमोग्लोबिन परीक्षण और सुरक्षित रक्त संग्रहण की समुचित व्यवस्था की गई है। रक्तदान करने वाले सभी स्वयंसेवकों को प्रमाण-पत्र और स्वल्पाहार भी प्रदान किया जाएगा। सीएमएचओ ने कहा कि थैलेसीमिया, एनीमिया, प्रसूति, दुर्घटना और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान अनेक लोगों के जीवन की रक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने जिलेवासियों से आज आयोजित रक्तदान शिविर में पहुंचकर मानवता की सेवा में अपना अमूल्य योगदान देने की अपील की।