enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश सिंगरौली में जनसमस्या निवारण शिविर में हितग्राही नहीं पहुंचे, विधायक ने प्रशासन को लगाई फटकार

सिंगरौली में जनसमस्या निवारण शिविर में हितग्राही नहीं पहुंचे, विधायक ने प्रशासन को लगाई फटकार

सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- मोरवा जोन में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में हितग्राहियों के नहीं पहुंचने पर सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने प्रशासनिक व्यवस्था पर नाराजगी जताई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक ने मंच से ही अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब शिविर में हितग्राही ही नहीं पहुंच रहे हैं तो ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का क्या औचित्य है।

विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि कार्यक्रम करीब 10 दिन पहले से निर्धारित था। क्षेत्र के सभी वार्डों में वार्ड प्रभारी भी हैं, इसके बावजूद शिविर की जानकारी हितग्राहियों तक नहीं पहुंचाई गई। उन्होंने कहा कि यदि लोगों को कार्यक्रम की जानकारी ही नहीं होगी तो वे शिविर में कैसे पहुंचेंगे।

विधायक ने प्रशासन की इस लापरवाही को लेकर कलेक्टर और कमिश्नर को पत्र लिखने की बात कही। उन्होंने मंच से अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि काम नहीं कर पा रहे हैं तो छुट्टी ले लें। विधायक के इस बयान के बाद कार्यक्रम स्थल पर माहौल गरमा गया।

मंच पर पहुंचे एसडीएम तो बोले- कुछ ठंडा-गरम सुन लें

कार्यक्रम के बीच स्थानीय एसडीएम के पहुंचने पर विधायक ने उन्हें भी मंच पर बैठने के लिए कहा। इस दौरान उन्होंने अपने चुटीले अंदाज में कहा कि एसडीएम भी मंच पर बैठें और कुछ "ठंडा-गरम" सुन लें। विधायक के इस तेवर को लेकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच चर्चा होती रही।

जनसमस्या निवारण शिविर में हितग्राहियों की अनुपस्थिति और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर विधायक की नाराजगी का वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा में है। विधायक द्वारा अधिकारियों को सार्वजनिक रूप से जवाबदेह ठहराए जाने के बाद यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Share:

Leave a Comment