शौचालय, पार्क, शेड और लकड़ी स्टोर बनेगा, पेवर ब्लॉक से व्यवस्थित होगा परिसर, सेवाओं के मोबाइल नंबर भी होंगे प्रदर्शित सीधी (ईन्यूज एमपी)-शहर के वार्ड क्रमांक 21 स्थित मुक्तिधाम की व्यवस्थाओं को अब व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। कलेक्टर विकास मिश्रा ने रविवार को नगर भ्रमण के दौरान मुक्तिधाम का निरीक्षण किया और नागरिकों तथा अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले परिजनों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए नगर पालिका परिषद को व्यापक सुधार के निर्देश दिए। मुक्तिधाम परिसर में शौचालय, पार्क, बैठने के लिए शेड, लकड़ी के सुरक्षित भंडारण के लिए स्टोर रूम तथा आवश्यक स्थानों पर पेवर ब्लॉक लगाने की कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान मुक्तिधाम की मौजूदा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और परिसर को अधिक सुव्यवस्थित बनाने के लिए समग्र ले-आउट तैयार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित सभी सुविधाओं को एकीकृत रूप से शामिल करते हुए आर्किटेक्ट से नक्शा तैयार कराया जाए, ताकि भविष्य में होने वाले निर्माण कार्य व्यवस्थित योजना के अनुसार किए जा सकें। अंतिम संस्कार की आवश्यक सेवाओं की मिलेगी जानकारी मुक्तिधाम परिसर में कर्मकांड एवं अंतिम संस्कार से संबंधित आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने वाले व्यक्तियों के मोबाइल नंबर और आवश्यक जानकारी प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित की जाएगी। इससे बाहर से आने वाले अथवा आवश्यकता के समय सेवाओं की तलाश कर रहे मृतक के परिजनों को संबंधित व्यक्ति से संपर्क करने में सुविधा होगी। मुक्तिधाम की नियमित साफ-सफाई और व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए नगर पालिका परिषद के एक कर्मचारी की तैनाती करने के निर्देश दिए गए हैं। परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के साथ अन्य नागरिक सुविधाओं की नियमित देखरेख भी सुनिश्चित की जाएगी। मुक्तिधाम परिसर में आवश्यकतानुसार पार्क विकसित करने के साथ नागरिकों के बैठने के लिए शेड का निर्माण कराया जाएगा। दाह संस्कार में उपयोग होने वाली लकड़ी को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखने के लिए अलग स्टोर रूम बनाया जाएगा। परिसर के आवश्यक हिस्सों में पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे, जिससे लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके। भ्रमण के दौरान समाजसेवी कमल कामदार ने मुक्तिधाम को विस्तारित और व्यवस्थित करने के लिए अपनी जमीन का त्यजन करने पर सहमति व्यक्त की है। कलेक्टर ने मुक्तिधाम में प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर शहर के प्रतिष्ठित व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में प्रस्तावित सुविधाओं पर चर्चा के साथ आवश्यक सहयोग और सुझाव प्राप्त किए जाएंगे। नगर के अन्य क्षेत्रों का भी किया निरीक्षण कलेक्टर विकास मिश्रा ने 4 अक्टूबर की सुबह नगर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान सम्राट चौक पार्किंग स्थल और हॉस्पिटल चौक के आसपास के क्षेत्र का भी जायजा लिया गया। इन क्षेत्रों में फुटकर एवं ठेला व्यवसायियों को व्यवस्थित करने, पार्किंग एवं आवागमन को सुचारु बनाए रखने, प्रकाश और स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने के संबंध में भी नगर पालिका परिषद को निर्देश दिए गए हैं। सर्दियों में सड़क किनारे अस्थायी रूप से लगने वाले कपड़ा बाजार को व्यवस्थित करने के लिए गीता भवन निर्माण स्थल को अस्थायी रूप से निर्धारित किए जाने की कार्यवाही के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य नगर में यातायात, पार्किंग और फुटकर व्यवसाय की व्यवस्था को व्यवस्थित करने के साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी गोपद बनास प्रिया पाठक, तहसीलदार राकेश शुक्ला, मुख्य नगर पालिका अधिकारी महमूद हसन सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।