सीधी(ईन्यूज एमपी)-सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में नागरिकों को शासकीय योजनाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 3 अक्टूबर को ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद 4 अक्टूबर को शहरी क्षेत्रों में शिविर लगाए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में 3 अक्टूबर को कुसमी विकासखंड के पोड़ी, मझौली के मड़वास, सीधी के चौफाल, रामपुर नैकिन के खड्डी तथा सिहावल के पहाड़ी में सेवा सेतु शिविर आयोजित होंगे। शिविरों में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। कलेक्टर विकास मिश्रा द्वारा संबंधित अधिकारियों को हितग्राहियों का चयन पूर्व से सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए हैं। शिविरों में प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने और निराकरण की जानकारी संबंधित पोर्टल पर दर्ज कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से नागरिकों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सहज और सुगम रूप से उपलब्ध कराया जाएगा।