सीधी(ईन्यूज एमपी)- राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को सीधी सहित पूरे विंध्य क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। सीधी नगर में गांधी जयंती के अवसर पर गांधी चौराहा स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर सर्वदलीय पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके साथ ही नगर की विभिन्न महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई और पुष्पांजलि अर्पित कर महापुरुषों को नमन किया गया। गांधी चौराहा पर आयोजित कार्यक्रम में सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष देवकुमार सिंह सहित पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में गांधी जी के स्वच्छता, सत्य और अहिंसा के संदेश को याद करते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। न्यू बस स्टैंड में चला विशेष स्वच्छता अभियान गांधी जयंती के अवसर पर सीधी नगर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अंतरराज्यीय बस स्टैंड में भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा की अगुवाई में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने श्रमदान करते हुए बस स्टैंड परिसर में झाड़ू लगाई तथा साफ-सफाई की। इस दौरान स्वच्छता कर्मचारियों के कार्य की सराहना करते हुए उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुरक्षा सामग्री भी प्रदान की गई। कार्यक्रम के माध्यम से सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने और स्वच्छता कार्य में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। दिलाई गई नशामुक्ति की शपथ स्वच्छता अभियान के दौरान उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने की शपथ भी दिलाई गई। आयोजकों ने कहा कि स्वच्छता केवल आसपास के वातावरण तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ और स्वच्छ समाज के निर्माण के लिए सामाजिक बुराइयों से दूरी बनाना भी जरूरी है। कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष देवकुमार सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, व्यापारी संघ अध्यक्ष लालचंद्र गुप्ता सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और अन्य लोग उपस्थित रहे। गांधी जयंती पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता, श्रमदान और नशामुक्ति का संदेश देने के साथ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों को स्मरण किया गया।